सीजेपी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को दिया इस्तीफे का अल्टीमेटम
सीजेपी का अल्टीमेटम
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को दो अक्टूबर तक इस्तीफा देने का अल्टीमेटम दिया है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि उनका इस्तीफा नहीं दिया गया या उन्हें हटाया नहीं गया, तो वे मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन करेंगे। यदि प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली, तो सीजेपी जेल भरो आंदोलन का सहारा लेगी। इस बीच, आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने सीजेपी को सलाह दी है कि उन्हें ज्ञानेश कुमार का नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस्तीफा मांगना चाहिए। केजरीवाल का कहना है कि ज्ञानेश कुमार ने जो कुछ भी किया, वह प्रधानमंत्री मोदी के लिए किया है।
हालांकि, मुंबई पुलिस ने सीजेपी को दो अक्टूबर को शिवाजी पार्क में प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी है। इस पर सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा, 'नागरिकों की आवाज को दबाने की कोशिशें अस्वीकार्य हैं। यदि हमें प्रदर्शन का अधिकार नहीं दिया गया, तो सीजेपी गांधी जयंती के दिन मुंबई में जेल भरो आंदोलन शुरू करेगी।' उल्लेखनीय है कि सीजेपी ने पहले 24 सितंबर को ज्ञानेश कुमार को 48 घंटे में इस्तीफा देने का अल्टीमेटम दिया था, जिसे बाद में बढ़ाकर दो अक्टूबर कर दिया गया।