स्वाति मालीवाल ने आम आदमी पार्टी को छोड़ा, भाजपा में शामिल होने का किया ऐलान
स्वाति मालीवाल का केजरीवाल पर हमला
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी को छोड़ने वाली राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने भाजपा में शामिल होने की घोषणा करते हुए रचनात्मक राजनीति करने वालों से भी इस पार्टी में शामिल होने की अपील की है। स्वाति मालीवाल उन सात राज्यसभा सांसदों में शामिल हैं, जिन्होंने हाल ही में आम आदमी पार्टी का साथ छोड़ा है।
स्वाति ने कहा कि वे 2006 से केजरीवाल के साथ काम कर रही थीं और आंदोलन के दौरान भी उनका समर्थन किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने उनके घर में एक गुंडे से पिटाई करवाई और जब उन्होंने आवाज उठाई, तो उन्हें धमकाया गया। उन पर एफआईआर वापस लेने का दबाव भी डाला गया। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी ने उन्हें संसद में दो साल तक बोलने का मौका नहीं दिया, जिसे उन्होंने शर्मनाक बताया। इसके अलावा, उन्होंने केजरीवाल को महिला-विरोधी भी करार दिया।
स्वाति मालीवाल ने पंजाब सरकार को रिमोट से नियंत्रित करने का आरोप लगाया और कहा कि पंजाब को केजरीवाल ने अपना एटीएम बना लिया है। उन्होंने बताया कि पंजाब में रेत खनन और नशीली पदार्थों का उपयोग बढ़ गया है। जो नेता इस पर आवाज उठाते हैं, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाती है। उन्होंने केजरीवाल को भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी के लिए जिम्मेदार ठहराया।