हरियाणा में अपराधों की बढ़ती लहर पर आम आदमी पार्टी की चिंता
हरियाणा में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल
बैंक डकैती और बुजुर्ग दंपती की हत्या से हरियाणा में अपराध की स्थिति चिंताजनक: अनुराग ढांडा
मुख्यमंत्री नायब सैनी सोशल मीडिया और शायरी में व्यस्त, जबकि अपराधी बेखौफ होकर वारदातें कर रहे हैं: अनुराग ढांडा
पुलिस सुधार और अपराध नियंत्रण के दावे खोखले, जनता असहाय और डरी हुई है: अनुराग ढांडा
हरियाणा में सक्रिय संगठित गैंग, सैनी सरकार की कार्रवाई नाकाम: अनुराग ढांडा
चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने सोमवार को एक बयान में कहा कि करनाल और हिसार की हालिया घटनाएं हरियाणा में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाती हैं। हिसार के नंगथला गांव में बैंक की दीवार तोड़कर 28 लाख रुपये की डकैती और असंध में बुजुर्ग दंपती की हत्या यह दर्शाती है कि अपराधी बेखौफ हैं और आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
अनुराग ढांडा ने कहा कि ये घटनाएं अलग नहीं हैं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी के 11 साल के शासन की विफलता का परिणाम हैं। एक ओर, बैंक में लाखों रुपये की डकैती की जा रही है, दूसरी ओर, घर में बुजुर्ग दंपती की हत्या की जा रही है, और सरकार केवल तमाशा देख रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शायरी और सोशल मीडिया प्रचार में व्यस्त हैं, जबकि हरियाणा में गैंगस्टर, चोर और हत्यारे खुलेआम वारदातें कर रहे हैं। व्यापारी डर के मारे सहमे हुए हैं, महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं, और पूरे राज्य में खौफ का माहौल है। मुख्यमंत्री की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति केवल शब्दों तक सीमित रह गई है।
अनुराग ढांडा ने कहा कि सरकार ने खुद स्वीकार किया है कि हरियाणा में कई संगठित गैंग सक्रिय हैं, फिर भी न तो अपराध रुक रहा है और न ही अपराधियों पर कोई ठोस कार्रवाई हो रही है। विदेशों में बैठे गैंगस्टर फोन पर आदेश दे रहे हैं और हरियाणा में दिन-दहाड़े चोरी, हत्या और लूट की घटनाएं हो रही हैं। करनाल और हिसार की घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि राज्य में गुंडाराज स्थापित हो चुका है।
अनुराग ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं गृह मंत्री हैं, फिर भी कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। पुलिस सुधार और अपराध नियंत्रण के दावों के बीच वास्तविकता यह है कि जनता असहाय और डरी हुई है। आम आदमी पार्टी का मानना है कि नायब सिंह सैनी हरियाणा की सुरक्षा सुनिश्चित करने में असफल रहे हैं और उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा की जनता की सुरक्षा के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करेगी और बीजेपी सरकार की विफलता को हर मंच पर उजागर करती रहेगी।