यमुनानगर:वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
यमुनानगर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। परिवार सहित मोटरसाइकिल पर सवार होकर ससुराल जा रहे एक व्यक्ति की सड़क हादसे मेें मौत हो गई। मृतक की पत्नी व बच्चे को मामूली चोटें आईं। हादसे को अंजाम देने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची व शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक की पहचान रोहतास (30) निवासी रोशनपुरा थाना सढौरा के रूप में हुई। सोमवार को मृतक के मौसा धर्मपाल ने बताया कि रोहतास मेहनत मजदूरी का काम करता था। उसकी तीन साल पहले शादी हुई थी और इसका एक साल का बच्चा है। रविवार देर शाम वह पत्नी के साथ अपने ससुराल लाहड़पुर जा रहा था। इसी दौरान उसे एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें रोहतास को गंभीर चोटें आईं। रोहतास को पहले इलाज के लिए गांव रसूलपुर के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए यमुनानगर के नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। यहां पर देर रात दो बजे के करीब इलाज के दौरान इसकी मृत्यु हो गई।
सढ़ौरा पुलिस के जांच अधिकारी राजकुमार के अनुसार सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया। परिजन के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग