प्रदेश भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन की सराहना की
गुवाहाटी, 25 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी, असम प्रदेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एडवांटेज असम 2.0 निवेश शिखर सम्मेलन में दिए गए प्रेरणादायक और दूरदर्शी संबोधन की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। प्रधानमंत्री ने वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की सुदृढ़ आर्थिक वृद्धि और आत्मनिर्भरता को रेखांकित किया, जिससे भारत की अर्थव्यवस्था में वैश्विक विशेषज्ञों का बढ़ता विश्वास स्पष्ट हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी ने असम और पूर्वोत्तर को व्यापार, उद्योग और बुनियादी ढांचे का प्रमुख केंद्र बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास के प्रति उनकी गहरी निष्ठा प्रदर्शित होती है। उनके द्वारा निवेश के अवसरों को गति देने और असम की आर्थिक प्रगति को सुदृढ़ करने पर दिया गया जोर इस क्षेत्र के समावेशी विकास के प्रति सरकार के अटूट संकल्प को दर्शाता है।
भाजपा असम प्रदेश को पूर्ण विश्वास है कि यह शिखर सम्मेलन असम में निवेश, रोजगार सृजन और औद्योगिक विस्तार के नए द्वार खोलेगा, जिससे राज्य भारत की आर्थिक सफलता में महत्वपूर्ण योगदानकर्ता के रूप में उभर सकेगा। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के कुशल नेतृत्व में असम विकास के एक अभूतपूर्व युग का साक्षी बन रहा है, जिसमें दीर्घकालिक समृद्धि की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत की गई है।
भाजपा असम प्रदेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए उनके निरंतर समर्थन के प्रति कृतज्ञता प्रकट की, जिससे असम की प्रगति और भारत की आर्थिक यात्रा में उसकी सशक्त भूमिका सुनिश्चित हो रही है। भाजपा असम प्रदेश प्रधानमंत्री के विजन को साकार करने के लिए संकल्पबद्ध है और 'विकसित भारत' की यात्रा में असम को एक केंद्रीय भूमिका निभाने हेतु तत्पर है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश