BKC में संदिग्धों की गिरफ्तारी: PMO अधिकारी का फर्जी पहचान पत्र बरामद
संदिग्धों की गिरफ्तारी का मामला
नई दिल्ली: मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) से दो संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इनमें से एक व्यक्ति ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बताया था। जांच के दौरान उसके पास से एक फर्जी पहचान पत्र मिलने का दावा किया गया है।
संदिग्ध की पहचान 24 वर्षीय रोहन पारेख के रूप में हुई है। वह एक अन्य व्यक्ति के साथ NMACC परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। उसके साथ मौजूद व्यक्ति ने खुद को उसका बॉडीगार्ड बताया और उसके पास एक बंदूक भी थी।
सुरक्षा जांच के दौरान खुलासा
मुंबई पुलिस के अनुसार, संदिग्ध ने फर्जी पहचान पत्र के माध्यम से कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने की कोशिश की थी। सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस को उसके पहचान पत्र पर संदेह हुआ। जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि कार्ड फर्जी था, जिसके चलते दोनों को हिरासत में लिया गया। BKC थाने में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अब मुंबई क्राइम ब्रांच इस मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि फर्जी PMO आईडी और हथियार के साथ कार्यक्रम स्थल में पहुंचने का उनका उद्देश्य क्या था। दोनों संदिग्धों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत मुंबई के मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम
यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का BKC में जियो वर्ल्ड सेंटर में कार्यक्रम प्रस्तावित है। पीएम मोदी यहां ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का उद्घाटन करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे। फिलहाल पुलिस और क्राइम ब्रांच संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि दोनों ने फर्जी पहचान और हथियार के साथ कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने का प्रयास क्यों किया।