फतेहाबाद : धूमधाम से मनाया गया महाशिवरात्रि पर्व, मंदिरों में उमड़ी शिवभक्तों की भीड़
फतेहाबाद, 26 फरवरी (हि.स.)। जिलेभर में बुधवार को महाशिवरात्रि का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया। इस उपलक्ष्य में सुबह से ही मंदिरों और शिवालयों में भक्तों की कतारें लगी रही। लोगों ने शिवलिंग पर जल चढ़ाकर मन्नतें मांगी। शहर के श्री श्याम मंदिर, श्री दुर्गा मंदिर, श्री मनकामेश्वर मंदिर, श्री रघुनाथ मंदिर, श्री संन्यास आश्रम मंदिर, श्री राम सेवा समिति शिवालय व शहर के अन्य मंदिरों में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। अशोक नगर स्थित प्रजापिता ब्रह्मकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय में भी महाशिवरात्रि पर्व पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं का कहना था कि महाशिवरात्रि का यह पर्व मनोकामना पूरी करने वाला होता है। भोले बाबा सबकी मनोकामना पूरी करते है। आज के दिन पूरे विधि विधान से भगवान शिव की पूजा और व्रत करने वालों की मनोकामना पूर्ण होती है। फतेहाबाद के अलावा टोहाना में भी महाशिवरात्रि को लेकर मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। रतिया रोड स्थित श्रीपंचमुखी शिव मंदिर जोहड़वाला में शिवरात्रि पर्व को लेकर भक्तों में उत्साह देखने को मिला सुबह 5 बजे से ही भक्तों की भीड़ शिवालयों में देखने को मिली। शहर का सबसे प्राचीन मंदिर होने के चलते क्षेत्र के अनेक गांव व आस पास के एरिया से लोग जलाभिषेक करने के लिए आते है। भक्तों को कोई समस्या न आए, इसलिए मंदिर कमेटी द्वारा लाइन लगवाकर व्यवस्था बनाई गई साथ ही कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस कर्मी तैनात रहे। इससे पूर्व शिव संकीर्तन मंडल ट्रस्ट की ओर से 25 फरवरी को महाशिवरात्रि महोत्सव पर जागरण का आयोजन किया गया। मंदिर प्रधान राजेश बबलू व सचिव दयानंद सिंगला ने बताया कि जागरण में मुख्य अतिथि के तौर पर केबीडी ग्रुप मोहाली के एमडी रमेश कुमार गोयल शिरकत की जबकि वहीं संजय गर्ग लक्ष्मी पूजन, अधिवक्ता हितेश गर्ग हनुमान पूजन, विकास वर्मा गणेश पूजन व रविंद्र मेहता दुर्गा पूजन किया। जागरण में भजन सम्राट सोनू सिंगला, महेश कटारिया व अश्विनी बंसल बावा की महिमा का गुणगान किया जबकि दीपक आर्ट ग्रुप की ओर से भगवान भोलेनाथ की सुंदर-सुंदर झांकियां दिखाई गई। इसी प्रकार शहर के भाटिया नगर स्थित शिव मंदिर, दुर्गा मंदिर, काली माता मंदिर, अनाज मंडी बाला जी मंदिर, कैंची चौक बाला जी मंदिर सहित अनेक स्थलों पर शिवरात्रि पर्व मनाया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा