महाशिवरात्रि :काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती के बाद से शुरू होगा दर्शन पूजन
—मंदिर न्यास ने बाबा के चारों पहर आरती का समय सारिणी किया जारी,आरती के दौरान दर्शन पूजन चलता रहेगा
वाराणसी,22 फरवरी (हि.स.)। महाशिवरात्रि पर्व पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में तड़के मंगला आरती समाप्त होने के बाद 3.30 बजे से ही दर्शन पूजन शुरू हो जाएगा। दरबार में चारों पहर की आरती के लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने समय सारिणी शनिवार शाम को जारी कर दी।
न्यास के सीईओ विश्वभूषण ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व पर तड़के 3:15 बजे मंगला आरती समाप्त होने के बाद 3:30 बजे से मंदिर दर्शनार्थियों के लिए खुल जाएगा। महाशिवरात्रि पर रात्रि में होने वाली चारों पहर की आरती के दौरान भी श्री काशी विश्वनाथ महादेव का झांकी दर्शन सतत चलता रहेगा। उन्होंने बताया कि मंदिर के गर्भगृह में मंगला आरती रात 2:15 बजे आरम्भ होगी। 3:15 बजे आरती समाप्त होगी। इसी तरह मध्याहन भोग आरती पूर्वांह 11:40 बजे आरम्भ होगी। मध्यान्ह् 12:20 बजे समाप्त होगी।
मंदिर में चारों पहर की आरती में पहले पहर में रात्रि 9:30 बजे शंख बजेगा। इसके बाद पूजा की तैयारी होगी। इस दौरान झांकी दर्शन सतत् चलता रहेगा। रात्रि 10:00 बजे से आरती प्रारम्भ होकर रात्रि 12:30 बजे समाप्त होगी। दूसरे पहर की आरती रात्रि 01:30 बजे से प्रारम्भ होकर रात्रि 02:30 बजे समाप्त होगी। झांकी दर्शन सतत् चलता रहेगा। इसी तरह तीसरे पहर की आरती 03:30 बजे से आरम्भ होकर प्रातः 04:30 बजे समाप्त होगी। इस दौरान भी झांकी दर्शन सतत् चलता रहेगा। चौथे पहर की आरती प्रातः 05:00 बजे से प्रारम्भ होकर प्रातः 06:15 बजे समाप्त होगी। इस दौरान झांकी दर्शन सतत् चलता रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी