रीवाः उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने की शहर के विकास कार्यों की समीक्षा
भोपाल, 11 जनवरी (हि.स)। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शनिवार को सर्किट हाउस रीवा में शहर में विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों के साथ ही आगामी समय में पुनर्घनत्वीकरण योजना से कराये जाने वाले कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
बैठक में शहर में बनायी जाने वाली मल्टी लेवल पार्किंग, कोठी कम्पाउंड में महिला हाट निर्माण, जनपद पंचायत कार्यालय निर्माण, इंजीनियरिंग कालेज में क्वाटर्स निर्माण, तथा मनगवां के मलकपुर तालाब सौन्दर्यीकरण कार्य की कार्ययोजना की जानकारी उप मुख्यमंत्री ने ली। उन्होंने ढेकहा तिराहा से करहिया मंडी सड़क निर्माण, एसडीएम कार्यालय तथा सर्किट हाउस एवं पीडब्लूडी भवन निर्माण सहित निर्माणाधीन समस्त कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। बैठक में अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, कलेक्टर प्रतिभा पाल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्र सशक्तिकरण में युवा निभायें अपनी भूमिका : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार और उनका जीवन आज भी युवाओं के लिए आदर्श और प्रेरणा का स्रोत है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने स्वामी विवेकानंद जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस की प्रदेश और देश के युवाओं को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत@2047 तक विश्वगुरु बनने की राह पर अग्रसर है। स्वामी विवेकानंद के सपने को साकार करने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी क्षमताओं और ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र के सशक्तिकरण के लिये करें।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि युवा शक्ति का सही दिशा में उपयोग ही भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र बनाएगा। स्वामी विवेकानंद के विचार न केवल युवाओं को सशक्त बनाते हैं, बल्कि हमें समाज और देश के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का भी एहसास कराते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर