×

यमुनानगर: कांग्रेस के समय हर जगह भ्रष्टाचार था- कंवर पाल

 




--जैधरी गांव में दर्जनों लोग भाजपा में हुए शामिल-कंवरपाल

यमुनानगर,16 मई (हि.स.)। अम्बाला लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया के समर्थन में कृषि मंत्री कंवर पाल ने गुरुवार को दर्जनों गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत की और बंतो कटारिया को जितवाने की अपील की।

गांव जैधरी में दर्जनों लोगों ने विभिन्न राजनीतिक पार्टियों को छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कृषि मंत्री कंवरपाल ने सभी को भाजपा का पटका व फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया।

कृषि मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हरियाणा सहित पूरे भारत से धीरे-धीरे खत्म होती जा रही है। आम जनता कांग्रेस पार्टी के झूठे वादे व भ्रष्टाचार के आरोपों से अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही है। कांग्रेस पार्टी के शासनकाल में गैस के सिलेंडर लेने के लिए कई दिनों में गैस का सिलेंडर मिलता था, वो भी ज्यादा दाम देकर परन्तु भाजपा राज में गैस सिलेंडर घर बैठे ही मिल जाता है।

भाजपा की बंतो कटारिया पढ़ी-लिखी, मेहनती व ईमानदार महिला प्रत्याशी हैं, आप सभी बंतो कटारिया को अपना सहयोग व आर्शीवाद प्रदान कर नरेन्द्र मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने में अपना योगदान दें।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से बन्तो कटारिया के पक्ष में बंपर वोटिंग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपका दिया एक-एक वोट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि एक कांग्रेस की सरकार थी, जिसके समय में अखबार घोटालों की खबरों से भरे होते थे। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने भ्राष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया है। पहले की सरकारों के राज में नौकरियों की बोली लगती थी और नौकरियां बेची जाती थी। लेकिन अब मेरिट के आधार पर योग्य युवा बिना किसी पर्ची और खर्ची के नौकरी हासिल करते हैं।

इस मौके पर बड़ी संख्या में आमजन शामिल रहें।

हिन्दुस्थान समाचार/अवतार/सुमन