सोनीपत निगम को प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ निगम बनाएंगे:राजीव जैन
सोनीपत, 22 फ़रवरी (हि.स.)। भाजपा
के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने जनसंपर्क अभियान के दौरान जनता से अभूतपूर्व
समर्थन प्राप्त किया। मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि सोनीपत
नगर निगम को प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ निगम बनाना उनका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने भरोसा
दिलाया कि हरियाणा में ट्रिपल इंजन सरकार बनने से क्षेत्र में विकास की गति तीव्र होगी।
राजीव
जैन ने वादा किया कि मेयर बनने के बाद नगर निगम में शामिल गांवों की मूलभूत समस्याओं
को प्राथमिकता से हल किया जाएगा। विशेष रूप से प्रॉपर्टी टैक्स से जुड़ी विसंगतियों
को जल्द से जल्द दूर करेंगे। शहर के सौंदर्यीकरण पर पूरा फोकस रहेगा ताकि सोनीपत एक
आदर्श नगर बन सके। शनिवार
को जनसंपर्क अभियान के दौरान राजीव जैन ने आर्य नगर, पुरानी कचहरी, जाट धर्मशाला, वेस्ट
राम नगर, कालूपुर, अशोक विहार, चौहान कॉलोनी और मिश्रा कॉलोनी में सभाएं आयोजित की।
उन्होंने जनता से दो मार्च को भाजपा के पक्ष में भारी संख्या में मतदान की अपील की।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने फूल मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। सभाओं में सोनीपत
विधायक निखिल मदान और गन्नौर विधायक देवेंद्र कादियान ने भी शिरकत की और राजीव जैन
के पक्ष में वोट डालने की अपील की। जनता ने अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया, जिनके
समाधान का उन्होंने आश्वासन दिया।
राजीव
जैन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार ने केवल भ्रष्टाचार किया, जबकि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने गरीबों और वंचितों के हित में कई कल्याणकारी
योजनाएं चलाईं। उन्होंने जनता से भाजपा को समर्थन देने की अपील की ताकि विकास योजनाओं
को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके। पूर्व मंत्री कविता जैन, डॉक्टर ओमप्रकाश अत्रे,
अशोक अरोड़ा, सुरेश भारद्वाज सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना