भव्य शोभा यात्रा के साथ शुरू हुआ बैजनाथ शिवरात्रि महोत्सव
धर्मशाला, 26 फ़रवरी (हि.स.)। भव्य शोभा यात्रा और झंडा रस्म के साथ बैजनाथ में पांच दिवसीय राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव की शुरुआत हुई। इस मौके पर रेस्ट हाउस से इंदिरा गांधी मैदान तक निकाली गयी शोभा यात्रा में प्रदेश के नगर नियोजन, आवास एवं तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी और विधायक किशोरी लाल, देवी देवताओं सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।
बैजनाथ के इंदिरा गांधी मैदान में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ नगर नियोजन मंत्री, राजेश धर्माणी ने झंडा फहराने की रस्म अदा कर किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को शिवरात्रि के महापर्व की शुभकामनाएं देते हए कहा कि इस खास अवसर पर देशभर में शिव मंदिरों में महादेव की पूजा विशेष पूजा-अर्चना होती है साथ ही महाभिषेक किया जाता है। उनके लिये भी गौरव की बात है कि उन्हें शिवरात्रि के अवसर पर ऐतिहासिक शिव मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
धर्माणी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में सरकार हर क्षेत्र में क्वालिटी पर फोकस कर विकास को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुधारात्मक फैसले लिये जा रहे हैं, ताकि आने वाले समय में हिमाचल आत्मनिर्भर और समृद्ध बनकर देश का विकसित राज्य बने। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग का विशेष ध्यान में रखकर कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नियमित और नियोजित विकास को सुनिश्चित बनाना सरकार की प्राथमिकता है और इसी दृष्टि से प्रदेश हित में लोगों के हितों को ध्यान में रखा जा रहा है।
धर्माणी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बैजनाथ के लिये पॉलीटेक्निक की घोषणा की है इसकी औपचारिकतायें पूर्ण होने पर इसे आरम्भ किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बच्चे दक्ष बने और नई ऊचांई प्राप्त करें, इसके लिये स्किल डेवलपमेंट तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने मेला समिति को महोत्सव के सफल आयोजन के लिये 50 हजार रुपए देने की घोषणा की।
बैजनाथ शिवरात्रि लोगों की आस्था का उत्सव : किशोरी लाल
उधर इससे पहले बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने मंत्री का स्वागत किया और प्रदेश के लोगों को महापर्व शिवरात्रि की बधाई दी। उन्होंने कहा कि बैजनाथ शिवरात्रि का धार्मिक तथा पौराणिक महत्व है और लोगों की आस्था का उत्सव है। उन्होंने कहा कि बैजनाथ शिवरात्रि मेला ही नहीं बल्कि लोगों की आस्था का पर्व है। उन्होंने कहा कि लोगों की मांग तथा भगवान शिव के दर्शनों के लिये उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए इस बार मेले को इंदिरा गांधी मैदान में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महोत्सव लोगों का उत्सव है और लाखों की आस्था तथा भावनाएं इससे जुड़ीं हैं।
शिव मंदिर में की पूजा अर्चना
इससे पहले नगर नियोजन, आवास तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री और विधायक ने ऐतिहासिक शिव मंदिर बैजनाथ में पूजा अर्चना की। उन्होंने इंदिरा गांधी मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकासात्मक प्रदर्शनियों का शुभारंभ और अवलोकन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया