×

महेंद्रगढ़ में 16 काे पिछड़ा वर्ग के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में शामिल हाेंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

 

पिछड़ा वर्ग सम्मेलन और केन्द्रीय गृहमंत्री के कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक

सम्मेलन में प्रदेश भाजपा केंद्रीय मंत्री अमित शाह का करेगी नागरिक अभिनंदन

चंडीगढ़, 11 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने को लेकर केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह सक्रिय हो गए हैं। पंचकूला में विस्तारित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद अब अमित शाह 16 जुलाई को फिर हरियाणा आ रहे हैं। केन्द्रीय मंत्री शाह महेंद्रगढ़ में पिछड़ा वर्ग के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री का नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा।

चुनाव की तैयारियों तथा केन्द्रीय अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर बुधवार को देर रात तक चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा दिग्गजों की हाईलेवल मीटिंग हुई। रात करीब 12 बजे तक चली बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ व जम्मू-कश्मीर के क्षेत्रीय पालक सौदान सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा मामलों के प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, सह-प्रभारी सुरेंद्र नागर, केंद्रीय मंत्री व विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान व सह-प्रभारी बिप्लब कुमार देव, प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा तथा हरियाणा के प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया व अर्चना गुप्ता मौजूद रहे।

बैठक में हरियाणा के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन किया गया। विधानसभा चुनाव में भाजपा देश की सुरक्षा, जनता की तरक्की और विकास के मुद्दे पर लोगों के बीच जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम और हरियाणा के विकास के नाम पर चुनाव लड़ा जाएगा।

बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 16 जुलाई को महेंद्रगढ़ कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अमित शाह के दौरे से पहले प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की 13 को महेंद्रगढ़ में बैठक होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक में सरकार के सभी मंत्री-विधायक, हरियाणा से केंद्रीय मंत्री व सांसदों के अलावा प्रदेश पदाधिाकरियों, जिला प्रभारियों, जिलाध्यक्षों के अलावा मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है।

गुरुवार को इस बैठक के बारे में जानकारी देते हुए पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कर्णदेव काम्बोज ने बताया कि भाजपा सरकार का धन्यवाद करने के लिए यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पिछड़ा वर्ग की अधिकांश मांगों को पूरा कर चुके हैं। क्रीमी लेयर की लिमिट 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये की जा चुकी है। ओबीसी विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति 12 हजार से बढ़ाकर 20 हजार सालाना की जा चुकी है। पिछड़ा वर्ग व एससी समाज की धर्मशालाओं की मरम्मत के लिए 100 करोड़ रुपये जारी किए हैं। पिछड़ा वर्ग का बैकलॉग भरने की प्रक्रिया भी सरकार ने शुरू कर दी है।

समाप्त

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा / सुनील कुमार सक्सैना