मध्य प्रदेश में फिर से लौटी हल्की ठंड, पचमढ़ी में तापमान 6.1 डिग्री, 3 शहरों में 10 से नीचे पारा
भोपाल, 24 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। एक बार फिर हल्की सर्दी का दौर शुरू हो गया है। दिन में ठंडी हवा चल रही है तो रातें सर्द हैं। रविवार की रात प्रदेश के 3 शहरों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। पचमढ़ी में तापमान 6.1 डिग्री पहुंच गया। प्रदेश के पूर्वी हिस्से यानी जबलपुर, सागर, शहडोल-रीवा के साथ भोपाल संभाग में भी पारा लुढ़का है। अगले 2 दिन ऐसा ही मौसम बना रहेगा। इस दौरान दिन-रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। 24-25 फरवरी को हल्की सर्दी का एहसास होगा।
मौसम विभाग के अनुसार, फरवरी में कई वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होते हैं। इस बार भी ऐसा ही है। इस वजह से तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। फिलहाल, बारिश होने के आसार नहीं हैं। आज सोमवार को भोपाल, जबलपुर-ग्वालियर में दिन में सर्द हवा चल सकती है। रात में भी तापमान में गिरावट होने का अनुमान है। 25 फरवरी को दिन-रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी, लेकिन इसके बाद फिर से तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी। रविवार को ज्यादातर जिलों में धूप तो खिली रही, लेकिन हवाओं से ठंडक बनी रही। भोपाल में हवा की रफ्तार 8 से 10 किमी प्रतिघंटा रही। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत अन्य शहरों में भी मौसम बदला रहा।
रविवार की रात छतरपुर के खजुराहो में 4.6 डिग्री की गिरावट के साथ पारा 10.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। छिंदवाड़ा में 4.2 डिग्री की गिरावट हुई और पारा 13 डिग्री दर्ज किया गया। पचमढ़ी में 6.1 डिग्री, कल्याणपुर में 9 डिग्री, शाजापुर से जुड़े गिरवर में 9.3 डिग्री, उमरिया में 10.3 डिग्री, राजगढ़ में 10.6 डिग्री, मंडला में 11.4 डिग्री और बैतूल-नौगांव में 12.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, भोपाल में 11.4 डिग्री, ग्वालियर में 11.8 डिग्री, जबलपुर में 11.4 डिग्री, उज्जैन में 13.4 डिग्री और इंदौर में 16 डिग्री तापमान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत