×

नगर निगम ने हटाया अतिक्रमण, व्यापारियों का हंगामा

 


मेरठ, 11 जुलाई (हि.स.)। मेरठ नगर निगम द्वारा शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को सेंट्रल मार्किट शास्त्रीनगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान व्यापारियों ने जमकर हंगामा किया। एक व्यापारी की तबीयत बिगड़ने पर नगर निगम की टीम वापस लौट गई।

नगर निगम ने गुरुवार को सेंट्रल मार्किट शास्त्रीनगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। नगर निगम टीम ने सबसे पहले सड़क किनारे एक खोखा संचालक का सामान बाहर निकलवाकर उसे गिरा दिया। इसके बाद सड़क किनारे रखे व्यापारियों को भी दुकान के भीतर रखने को कहा। अस्थायी रूप से दुकान को आगे बढ़ाकर नालियों को कवर करने वालों को भी चेतावनी दी गई। नगर निगम की टीम जब अमन किराना स्टोर पर पहुंची तो व्यापारी पुत्र से टीम की काफी झड़प हुई। इस झड़प के दौरान ही व्यापारी पुत्र के सीने में दर्द उठ गया। उसके परिजन नाजुक हालत में तुरंत ई-रिक्शा में बैठाकर अस्पताल ले गए। यह देखकर व्यापारियों ने जमकर हंगामा किया और टीम के खिलाफ नारेबाजी की। मौके की गंभीरता को देख नगर निगम की टीम भी वापस लौट गई। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.कुलदीप त्यागी / Siyaram Pandey