मुरादाबाद में बूंदाबांदी से बदला मौसम का मिजाज
मुरादाबाद, 1 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद में शनिवार सुबह बूंदाबांदी से मौसम बदल गया। दोपहर बारह बजे के बाद सूर्य देवता के दर्शन हुए। इसके कारण मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और वहीं अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. ए. के. सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष महाशिवरात्रि और उसके आसपास बूंदाबांदी के बाद मौसम में परिवर्तन हो जाता है। इस बार महाशिवरात्रि पर बारिश नहीं हुई जो अब बूंदाबांदी के रूप में हो रही है। उन्होंने आगे बताया कि 9 मार्च तक तीन से चार दिन तक हल्की बूंदाबांदी और बादल छाए रहेंगे। 10 मार्च से मौसम पूरी तरह से परिवर्तित हो जाएगा और ग्रीष्म ऋतु का आगाज हो जाएगा।
राजकीय इंटर कॉलेज में मौसम प्रयोगशाला प्रभारी निसार अहमद ने शनिवार को बताया कि आज मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अपराह्न 2 बजे के बाद धूप तेज हो जाएगी। वहीं मुरादाबाद में 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। इससे मौसम ठंडा है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल