प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम में हिमाचल का गौरव, बिंदल ने की सराहना
शिमला, 23 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार काे आयोजित मन की बात कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के सावन बरवाल का नाम लिया, जिन्होंने देशवासियों का दिल जीता। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल का कहना है कि यह हिमाचल के लिए गर्व की बात है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने भारत में वन्यजीवों के जीवंत पारिस्थितिकी तंत्र, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में भारत की पहचान और वैज्ञानिक जीवन के अनुभव जैसे विषयों पर भी बात की।
राजीव बिंदल ने रविवार काे ठियोग में आयोजित प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मन की बात कार्यक्रम सबसे अधिक जानकारीपूर्ण कार्यक्रम है, जिसमें प्रधानमंत्री विभिन्न माध्यमों से भारत को जोड़ते हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के योगदान को सम्मान देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए घोषणा की कि राष्ट्रीय महिला दिवस पर वह अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भारत की प्रेरक महिलाओं को सौंपेंगे। इस पहल का उद्देश्य उन महिलाओं को एक मंच प्रदान करना है जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रंग-बिरंगी कुल्लुवी हिमाचली टोपी पहने तस्वीरें हिमाचल में लोगों का दिल जीत रही हैं और सभी वर्गों के लोग उनकी सराहना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में फ्रांस की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात के दौरान कुल्लुवी टोपी पहने नजर आए थे। इससे हिमाचल के लोग गर्व महसूस कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने हमेशा हिमाचली टोपी पहनी है और अपने विदेश दौरों में हिमाचली हस्तशिल्प को उपहार के रूप में चुना है।
बिंदल ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी नब्बे के दशक में कई वर्षों तक हिमाचल भाजपा के प्रभारी रहे हैं, जिससे वह प्रदेश को अच्छे से जानते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के भाषणों में मंडी के सेपू वड़ी जैसे पहाड़ी व्यंजनों के प्रति गहरी रुचि को भी साझा किया।
इसी प्रकार भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल और मीडिया प्रभारी करण नंदा ने चक्कर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मन की बात कार्यक्रम सुना। कटवाल ने बताया कि पूरे प्रदेश में प्रत्येक बूथ पर प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना गया और ठियोग स्थित कार्यक्रम के चित्र पीएम की मन की बात कार्यक्रम में सीधा प्रसारित भी किए गए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा