×

पुलिस मुख्यालय ने रांची में तैनात किए 200 अतिरिक्त जवान

 


रांची, 11 जुलाई (हि. स.)। पुलिस मुख्यालय ने रांची में अपराध पर अंकुश लगाने और विधि व्यवस्था को बनाये रखने के लिए दो सौ अतिरिक्त जवानों को तैनात किया है। इन अतिरिक्त जवानों को एंटी क्राइम चेकिंग अभियान में लगाया जाएगा। इसके अलावा पेट्रोलिंग में भी जवानों को लगाया जाएगा। रांची पुलिस ने कुल 15 चेक प्वाइंट बनाए हैं। जहां नाकेबंदी की सभी व्यवस्था की गई है, खासकर रात के समय विशेष रूप से एंटी क्राइम चेकिंग और पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। रांची पुलिस ने अतिरिक्त जवानों की तैनाती को लेकर पुलिस मुख्यालय से अनुरोध किया था।

उल्लेखनीय है कि रांची के विधि व्यवस्था और अपराधिक घटना पर अंकुश लगाने को लेकर दो दिन पूर्व ही आईजी और डीआईजी देररात में औचक निरीक्षण कर कई निर्देश दे चुके हैं। हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे / प्रभात मिश्रा