पंजाब में बारिश का अलर्ट: 5 से 8 जुलाई तक मौसम में बदलाव
पंजाब में मौसम का हाल
चंडीगढ़: पंजाब में मौसम एक बार फिर से बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 5 से 8 जुलाई के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश की संभावना है। हालांकि, सोमवार से मानसून की गतिविधियों में कमी आने के संकेत मिल रहे हैं, जिससे कुछ क्षेत्रों में उमस बढ़ सकती है।
किस-किस जिले में है अलर्ट?
पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर, एसएएस नगर, नवांशहर, जालंधर, कपूरथला, अमृतसर, तरनतारन, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला जैसे कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिमी पंजाब के जिलों में फिलहाल कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी
मौसम विभाग के अनुसार, 6 जुलाई से मानसून की गति धीमी पड़ सकती है। इस दौरान पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, एसएएस नगर, पटियाला और मोहाली के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।
7 और 8 जुलाई को उत्तर-पूर्वी पंजाब के कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी। अन्य जिलों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है। बारिश में कमी के कारण कई क्षेत्रों में उमस बढ़ सकती है।
तापमान की स्थिति
पंजाब का अधिकतम तापमान सामान्य स्तर के आसपास दर्ज किया गया। फाजिल्का राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद अमृतसर में 37.1 डिग्री, बठिंडा में 37.0 डिग्री और पटियाला, पठानकोट तथा गुरदासपुर में 36.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से सलाह दी है कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और यात्रा से पहले मौसम की ताजा जानकारी अवश्य लें।