×

सरकार की मंशा के अनुरुप विकास कार्यो में तेजी लायें — उपाध्यक्ष

 


बस्ती, 11 जुलाई (हि.स.)। पूर्वांचल विकास बोर्ड की बैठक में उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने कहा कि अधिकारी सरकार की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को तेजी से लागू करें। आम जनता को योजनाओं का लाभ दिलाएं। बोर्ड का उद्देश्य पूर्वांचल के समग्र विकास से संबंधित सुझाव देना है। बोर्ड के अध्यक्ष प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं है।

मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह ने बताया कि बस्ती मण्डल में 50 लाख से अधिक लागत की कुल 463 परियोजनाए निर्माणाधीन है, जिसमें जनपद बस्ती की 160, संत कबीर नगर की 103 तथा सिद्धार्थनगर की 200 परियोजनाए है। परियोजनाओं की कुल स्वीकृत लागत 2668.33 करोड़ है। स्वीकृत लागत के सापेक्ष शासन से 1753.57 करोड़ अवमुक्त है। अवमुक्त धनराशि के सापेक्ष रू. 1542.56 करोड़ कार्यदायी संस्थाओं द्वारा व्यय किया जा चुका है। 463 परियोजनाओं के सापेक्ष 97 परियोजनाए पूर्ण हो चुकी है।

जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने सभी सदस्यों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप विभागीय अधिकारी योजनाओं का क्रियान्वयन करेंगे। बैठक में विशेष सचिव नियोजन पुलकित खरे, निदेशक क्षेत्रीय नियोजन प्रभाग, संयुक्त विकास आयुक्त संत कुमार, संयुक्त निदेशक कृषि अविनाश चन्द्र तिवारी, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या अमजद अली अंसारी, सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा, पीओ डूडा सुनिता सिंह, अधिशासी अभियन्ता सरयू नहर राकेश कुमार गौतम सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेंद्र तिवारी / शरद चंद्र बाजपेयी / राजेश