×

राहुल गांधी सोमवार को सीलमपुर से करेंगे चुनावी शंखनाद

 


नई दिल्ली, 11 जनवरी (हि.स.)। कांग्रेस नेता एवं लोक सभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी 13 जनवरी को दिल्ली विधान सभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

यह जानकारी दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में शनिवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एआईसीसी के दिल्ली प्रभारी काजी निजामुदीन ने दी। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी सोमवार को शाम 5.30 बजे उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में 'जय बापू, जय भीम, जय संविधान' के नारे के साथ एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसमें बड़ी संख्या में लोग, कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता और नेता हिस्सा लेंगे। दिल्ली में यह राहुल गांंधी की पहली रैली होगी।

काजी निजामुद्दीन ने कहा कि राहुल गांधी ने देश की समस्याओं को समझने और जानने के लिए हजारों किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली। भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली में निकाली गई। यात्रा के दौरान लाखों लोगों जिनमें गरीब, वंचित, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यकों और हजारों सामाजिक संस्थाओं और कल्याण कार्य करने वाली एनजीओ से बात की और करोड़ों देशवासियों की समस्याओं का कैसे निवारण किया जाए, उसके लिए जनता की आवाज बनकर कांग्रेस पार्टी काम कर रही है। इसी कड़ी में दिल्ली कांग्रेस ने दिल्ली के लोगों के लिए प्यारी दीदी योजना और जीवन रक्षा योजना की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां राहुल गांधी के देशवासियों के विकास और बेहतर जीवन देने के लक्ष्य को अंजाम दे रही हैं।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद भी राहुल गांधी वंचितों, दलितों, पिछड़ो, अल्पसंख्यकों और गरीबी रेखा से नीचे जीने वाले लोगों और विशेषकर किसानों की परेशानियों और संकट से लगातार रूबरू होते हुए उन्हें न्याय दिलाने के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी दिल्ली में पिछले दिनों आनन्द विहार पर लोगों से मिले, सैलून वालों से, मोटर मैकेनिक, कारपेन्टर, कुम्हार, सड़क पर रोजी रोटी कमाने वाले, महंगाई का आंकलन करने के लिए आजादपुर सब्जी मंडी सहित हर वर्ग के लोगों से मिलकर दिल्ली वालों की समस्याओं को जानने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव की महीने भर की दिल्ली न्याय यात्रा सफल रही है, जिसमें दिल्ली के लाखों निवासियों ने भाग लिया। दिल्ली को केजरीवाल सरकार और भाजपा के 11 साल के कुशासन और तबाही से बचाने के लिए दिल्ली की जनता ने कांग्रेस सत्ता में वापस लाने के लिए दिल्ली विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को अपना पूर्ण समर्थन देने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो कहती है वो करती है और कांग्रेस शासित राज्यों में करके दिखा रहे हैं। दिल्ली में जनता के सहयोग से सरकार बनाने के बाद दिल्ली की जनता तक सभी गारंटियों का फायदा पहुंचाने के लिए एक मिसाल कायम करेंगे, क्योंकि पिछले 11 वर्षों में भाजपा और आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता सिर्फ धोखा दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दधिबल यादव