×

भगवान बिरसा मुंडा के पैतृक गांव में सरना धर्म प्रार्थना सभा का आयोजन

 


खूंटी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। सरना धर्म सोतोः समिति, शाखा उलिहातु के तत्वावधान में रविवार को स्थापना दिवस सह सरना धर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई। धर्मगुरु जेठा पहान, सुखराम मुंडा, गोल्गा मुंडा और सनिका मुंडा की अगुवाई में अनुयायियों के साथ सरना स्थल में भगवान सिङबोंगा का पूजा-पाठ कर सुख, शांति और खुशहाली की कामना की गई।

मौके पर पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अथिति के रूप में धर्मगुरु बगरय मुंडा और विशिष्ट अथिति के तौर पर बुधराम सिंह मुंडा मौजूद थे। मुख्य अतिथि बगरय मुंडा ने कहा कि सरना विश्व का सबसे पुराना धर्म है, जो पूर्णतः वैज्ञानिकता पर आधारित है। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता और एकजुटता के बिना समृद्ध समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए समाज से छुआछूत और ऊंच-नीच जैसी बुराइयों को समाप्त करने की जरूरत है। सबको समाज में समान अधिकार मिलना चाहिए, ताकि समाज में प्रेम और भाईचारा सदा कायम रहे। सरना धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों अक्षुण्ण बनाएं रखना हम सबका कर्तव्य है।विशिष्ट अथिति बुधराम सिंह मुंडा ने कहा कि भगवान सिङबोंगा की स्तुति से मन-आत्मा में भक्ति औँर श्रद्धा आती है और समाज में प्रेम और भाईचारा पनपता है। हमें समृद्ध समाज के लिए हमेशा समाज और संगठन के सिद्धांतों को अमल में लाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा