×

झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले ही डर गया झामुमो  : रमाकांत

 


रांची, 11 जुलाई (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो नेे झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि झामुमो आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भयभीत है। यही कारण है कि सत्ता मद में चूर झामुमो देश की संवैधानिक संस्था चुनाव आयोग को फरमान सुना रहा हैं। साथ ही फरमान का पालन नहीं होने पर आंदोलन के जरिए परिणाम भुगतने की धमकी दे रहा है।

रमाकांत महतो ने गुरुवार काे बयान जारी करके कहा कि झामुमो के डीएनए में देश के संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना एवं उसे आदेशात्मक तरीके से धमकी देना प्रवृत्ति रहा है। भाजपा प्रवक्ता रमाकांत महतो ने कहा कि झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य की स्मरण शक्ति शायद कमजोर हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जमानत पर जेल से बाहर आते ही दंभ भर रहे थे कि राज्य में जब चुनाव हो जाए हम डरने वाले नही हैं फिर आज झामुमो को चुनाव की घोषणा के पूर्व ही डर सताने लगा।

महतो ने आरोप लगाया है कि साढ़े चार वर्षों तक राज्य लूटने में मशगूल हेमंत सरकार को जनता अब अपदस्थ करेगी। भय से संवैधानिक संस्थाओं पर उंगली उठाना शुरू कर दिया है, जिस चुनावी वायदे के साथ हेमंत सोरेन सरकार सत्ता में आयी थी, उसमें एक भी अब तक पूरे नहीं हुए। बेरोजगार युवकों को रोजगार देने के बजाय इस सरकार ने पेपर लीक कराकर प्रतिभागियों का दमन और नौकरी बेचने का काम किया। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय के छह महीनो के भीतर चुनाव कराना चुनाव आयोग का विशेषाधिकार है। अब झामुमो उसे भी साजिश समझता है और राज्य को अंतिम दिन तक लूटना चाहता है।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / शारदा वन्दना / सुनीत निगम