×

भूख हड़ताल पर बैठे स्वामी केशवगिरी को प्रशासन ने उठाकर अस्पताल में भर्ती कराया

 


बड़कोट (उत्तरकाशी), 11 जुलाई (हि.स.)। नगर पालिका बड़कोट में पेयजल पंपिंग योजना की स्वीकृति को लेकर बीते छह दिनों से भूख हड़ताल एवं अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे स्वामी केशवगिरी महाराज को प्रशासन ने जबरन उठाते हुए अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। वहीं आंदोलनकारी पूर्ण सिंह रावत ने चार सूत्रीय मांगों के निस्तारण तक भूख हड़ताल शुरू कर दी है। इस दौरान आंदोलनकारी जमकर विरोध करते हुए वाहन के आगे लेट गए, जिन्हें पुलिस बल ने हटाया।

आंदोलनकारियों ने शुक्रवार को विशाल प्रदर्शन के साथ सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान, सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों को बंद करने का ऐलान किया है। साथ ही नगरीय पेयजल पम्पिंग योजना की वित्तीय स्वीकृति की सरकार से मांग की है।

यमुनोत्री धाम का मुख्य पड़ाव नगर पालिका बड़कोट विगत चार माह से जल संकट से त्रस्त है। शुक्रवार को आंदोलकारियों ने बड़कोट में विशाल प्रदर्शन के साथ व्यापारिक प्रतिष्ठान एवं सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थान बंद रखने का निर्णय लिया है। आन्दोलनकारियों का कहना है कि छह जून से क्रमिक धरना और छह जुलाई से भूख हड़ताल एवं अनिश्चितकालीन धरना चल रहा है। यदि जल्द पेयजल पम्पिंग योजना की वित्तीय स्वीकृति नहीं मिली तो उग्र आंदोलन किया जायेगा। नगरवासियों ने राज्य सरकार से जल्द चार सूत्रीय मांगों के निस्तारण की उम्मीद जताई है।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल / Satyawan Yadav / वीरेन्द्र सिंह