मिट्टी धंसने से दबे तीन लोग, एक महिला गंभीर
जलपाईगुड़ी, 23 फरवरी (हि. स.)। राजगंज ब्लॉक के माझियाली ग्राम पंचायत अंतर्गत हरियारबाड़ी इलाके में रविवार को मिट्टी धंसने से तीन लोग दब गए। जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। महिला की गंभीर हालत की वजह से फूलबाड़ी के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है जबकि अन्य दो को राजगंज ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इलाके में करीब छह महीने पहले एक पुलिया टूट गयी थी। इसलिए सरकारी रूप से पुलियों का निर्माण कार्य शुरू किया गया। जिसके लिए इलाके में खुदाई कर मिट्टी ली गई। रविवार को इलाके की कई महिलाएं और पुरुष घर की जरूरतों के लिए मिट्टी लाने के लिए वहां गए थे। तभी तीन लोग मिट्टी में दब गए। बाद में मिट्टी में दबे लोगों को बरामद कर अस्पताल भेजा गया। इधर, घटना की सूचना पाकर राजगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मिट्टी के अंदर किसी और के होने की आशंका पर अर्थमूवर से खोजबीन शुरू की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार