×

त्रिपुरा सरकार के विभिन्न विभागों में 333 पदाें पर हाेगी भर्ती: पर्यटन मंत्री सुशांत चौधरी

 

अगरतला, 24 फरवरी (हि.स.)। त्रिपुरा सरकार ने प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के लिए विभिन्न विभागों में 333 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। इसके तहत वन विभाग में 104 फॉरेस्ट गार्ड और वित्त विभाग के कोषागार प्रभाग में 140 ऑडिटरों के अलावा

कई अन्य विभागाें में भी भर्ती की जाएगी।

कैबिनेट प्रवक्ता और पर्यटन मंत्री सुशांत चौधरी ने सोमवार को भर्ती योजना की जानकारी पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि वन विभाग 104 फॉरेस्ट गार्ड की भर्ती एक विशेष परीक्षा बोर्ड के माध्यम से करेगा। वहीं, वित्त विभाग अपने कोषागार प्रभाग में स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए 140 ऑडिटरों की नियुक्ति करेगा।

चौधरी ने कहा कि वर्तमान में ऑडिटरों की संख्या अपर्याप्त है। इस भर्ती से इस कमी को दूर किया जाएगा और इसे जल्द पूरा किया जाएगा। इसके अलावा, सहकारी विभाग को ऑडिटर, अन्वेषक और सांख्यिकीय अन्वेषक सहित 30 पद भरने की अनुमति दी गई है। सामाजिक कल्याण विभाग सेवा आयोग के माध्यम से 34 आईसीडीएस पर्यवेक्षकों की भर्ती करेगा।

मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में एजीएमसी एवं जीबीपी अस्पताल के क्षेत्रीय जेरियाट्रिक केंद्र में 20 नए कर्मचारियों के साथ दो बायो-मेडिकल इंजीनियर नियुक्त किए जाएंगे। पर्यटन विभाग तीन ग्रुप-डी कर्मचारियों की प्रत्यक्ष भर्ती करेगा और दो को अपर डिवीजन क्लर्क के रूप में पदोन्नति मिलेगी। इसके अलावा, जैव प्रौद्योगिकी निदेशालय एक वैज्ञानिक सहायक की भी नियुक्ति करेगा। उन्होंने बताया कि यह भर्ती अभियान ग्रुप-सी (अराजपत्रित) से लेकर ग्रुप-ए (राजपत्रित) तक के विभिन्न स्तरों पर की जाएगी, जिससे राज्य की कार्यबल क्षमता मजबूत होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश