×

कांगड़ा शैली के चित्रों का रेखांकन प्रफुल्लित कर रहा है मन : डॉ.राज कुमार सिंह

 


कानपुर, 22फरवरी(हि.स.)। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल आफ क्रिएटिव एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स में कांगड़ा मिनिएचर पेंटिंग विषय पर 10 दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें पहाड़ी शैली के प्रसिद्ध चित्रकार पद्मश्री विजय शर्मा अपने दो शिष्यों के साथ लगभग 100 विद्यार्थियों को प्रशिक्षित कर रहे हैं। कार्यशाला के संयोजक एवं विभाग प्रभारी डॉ.राज कुमार सिंह ने कहा कि यहां पर कांगड़ा शैली में चित्रों का रेखांकन के अवलोकन से मन बहुत प्रफुल्लित हुआ है।

उन्होंने बताया कि आज वर्कशॉप का तीसरा दिन रहा है। फाइन आर्ट्स के विद्यार्थियों ने कांगड़ा शैली में सुंदर चित्रों का रेखांकन कर रंगों को भी भरा। विषय के रूप में गणेश जी को पद्मासन के रूप में दिखाया। चित्रकार विजय शर्मा ने प्रशिक्षण को एक विशेष प्रकार का ब्रश भी प्रदान किया, जो रंग से बारीक रेखांकन के लिए जाना जाता है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थीगण ने भी कार्यशाला का निरीक्षण किया एवं विद्यार्थियों द्वारा बनाये जा रहे सुंदर चित्रों का अवलोकन भी किया। विद्यार्थियों के कार्यों को देखा एवं उन्हें प्रोत्साहित भी किया। कार्यशाला का संयोजन डॉ. मिठाई लाल एवं तनीषा वधावन ने किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / मो0 महमूद