×

टैक्सी चालक से प्रगतिशील कृषक बने यशपाल आर्या, जैविक खेती से बढ़ाई आय

 


नैनीताल, 25 फ़रवरी (हि.स.)। सलड़ी तोक हरिनगर निवासी यशपाल आर्या ने जैविक खेती अपनाकर अपनी आजीविका को नई दिशा दी है। पहले टैक्सी चालक रहे यशपाल आर्या का कार्य लॉकडाउन के कारण छूट गया, जिससे उनके परिवार के भरण-पोषण की समस्या उत्पन्न हो गई। इस चुनौतीपूर्ण समय में उन्होंने खेती को अपना व्यवसाय बनाने का निर्णय लिया और आज वह प्रगतिशील कृषक के रूप में पहचान बना चुके हैं।

बंजर भूमि को बनाया उपजाऊ, जैविक खेती से मिली सफलता

यशपाल आर्या ने खेती शुरू करने के लिए कृषि अधिकारियों से संपर्क किया और कृषि से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्हें कृषि विभाग से पावर वीडर सब्सिडी पर मिला, जिससे उन्होंने अपनी बंजर भूमि को उपजाऊ बनाया। इसके बाद उन्होंने पंतनगर कृषि विज्ञान केंद्र से उन्नत एवं जैविक खेती का प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्होंने मक्का, धान, सोयाबीन, गेहूं, जौ और मसूर जैसी फसलें उगानी शुरू कीं, जिससे उन्हें अच्छा उत्पादन मिलने लगा।

विभिन्न योजनाओं से मिली मदद, बढ़ी आजीविका

यशपाल आर्या को कृषि विभाग से वर्मी कम्पोस्ट तैयार करने के लिए अनुदान मिला, जिससे उन्होंने जैविक खाद बनाना शुरू किया। इसके अलावा उद्यान विभाग से फलदार पौध प्राप्त की और मत्स्य विभाग से तालाब निर्माण की सहायता मिली, जिससे उन्होंने मत्स्य पालन भी शुरू किया। इन प्रयासों से उनकी आजीविका में लगातार वृद्धि हुई और उनका परिवार आर्थिक रूप से सशक्त हुआ।

जैविक खेती अपनाने की दी सलाह

यशपाल आर्या का कहना है कि यदि किसी के पास थोड़ी भी जमीन है, तो वह उसमें जैविक खेती करके अपनी आय बढ़ा सकता है। उन्होंने बताया कि कृषि कार्य से न केवल आर्थिक स्थिति मजबूत होती है, बल्कि पशुओं एवं पर्यावरण की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है। वर्तमान में यशपाल आर्या प्रगतिशील कृषक के रूप में जाने जाते हैं और उन्होंने कृषि विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी