सोनीपत: राजीव जैन ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों पर मांगे वोट
सोनीपत, 23 फ़रवरी (हि.स.)। सोनीपत से भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने रविवार
को सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। भाजपा की नीतियों और केंद्र एवं राज्य सरकार के विकास
कार्यों पर समर्थन मांगा। उन्होंने सोनीपत नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता
दोहराई। राजीव
जैन ने जनता से वादा किया कि उनके समर्थन से मेयर बनते ही अफसरशाही पर लगाम कसकर अगले
दस महीनों में सोनीपत नगर निगम क्षेत्र का कायाकल्प करेंगे। जनता के स्नेह और सहयोग
के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अगला मेयर वे नहीं, बल्कि सोनीपत की आम जनता होगी।
आदर्श नगर, सेक्टर-14, कबीरपुर, भीम नगर, शास्त्री कॉलोनी, मोहन नगर, देव नगर, भरतपुरी,
ऋषि कॉलोनी सहित कई स्थानों पर जनसभाएं कीं। उन्होंने 2 मार्च को भाजपा के पक्ष में
भारी संख्या में मतदान की अपील की। स्थानीय लोगों ने उनका फूल-मालाओं से गर्मजोशी से
स्वागत किया। भाजपा
सरकार की उपलब्धियों पर जनसंपर्क अभियान के दौरान राजीव जैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र
मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने भाजपा सरकार
की सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और अंत्योदय की नीतियों की चर्चा की।
उन्होंने विश्वास
जताया कि इस बार भी निकाय चुनाव में भाजपा को एक तरफा जीत मिलेगी। शहर को सुंदर और
स्वच्छ बनाने का संकल्प लेते हुए राजीव जैन ने कहा कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार
बनने से विकास की गति तेज होगी। उन्होंने पिछले कार्यकाल में 131 पार्कों, 162 सामुदायिक
केंद्रों, सीवरेज लाइन, पेयजल योजनाओं और कचरा प्रबंधन प्लांट जैसी उपलब्धियों का उल्लेख
किया। उन्होंने अधूरे कार्यों को भी पूरा करने का संकल्प लिया। उपस्थित गणमान्य व्यक्तिइस
अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री, पार्षद और स्थानीय नागरिक मौजूद थे।
उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को मिल रहे जनसमर्थन को जनता की विकास और पारदर्शी शासन की
इच्छा का प्रतीक बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना