अलवर में शिवालयों में गूंजे बम भोले के जयकारे, सुबह से ही पूजा के लिए मंदिरों में उमड़ी भीड़
अलवर , 26 फ़रवरी (हि.स.)।
महाशिवरात्रि पर बुधवार को अलवर जिले के शिवालयों में बम भोले के जयकारों से गूंज रहे है। महाशिवरात्रि को देखते हुए जिले के सभी शिव मंदिरों में विशेष तैयारियां और सजावट की गई हैं। शहर के प्रसिद्ध प्राचीन त्रिपोलिया महादेव मंदिर में दर्शन के लिए सुबह 5 बजे से ही श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरु हो गई। लंबी लाइन में लग श्रद्धालु महादेव का दर्शन कर रहे है। सुबह से ही यहां महादेव को जल व दूध चढ़ाने और पूजा करने के लिए श्रद्धालु आ रहे हैं। इस मंदिर में अलवर ही नहीं अन्य शहरों के लोगों की भी श्रद्धा है।
महाशिवरात्रि को देखते हुए आज शाम को मंदिर में भोलेनाथ का विशेष श्रंगार किया जाएगा। उस मनमोहक दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे है।
शिवालयों में हो रही है पूजा
महाशिवरात्रि पर त्रिपोलिया महादेव मंदिर के साथ जिले भर में शिव मंदिरो में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शिव मंदिरों में शिव भक्तों की कतार लगी रही। लोग पूजा अर्चना के लिए अपने नंबर का इंतजार कर पूजा अर्चना कर रहे हैं। मंदिरों में भोले बाबा के भजन-कीर्तन हो रहे है।
अलवर में है कई प्रमुख शिव मंदिर
जिले में भगवान शिव के कई प्रसिद्ध मंदिर हैं। जिनमें से शहर में प्रमुख त्रिपोलिया महादेव मन्दिर है। जिले में सरिस्का में नीलकंठ महादेव मंदिर, तालवृक्ष स्थित शिव मंदिर, नलदेश्वर महादेव मंदिर, भर्तहरि शिव मंदिर आदि मंदिर प्रमुख हैं। जहां महाशिवरात्रि पर भक्तों की भारी भीड़ देखी जाती है।
बाजार में भीड़, महंगे हुए फल और फूल
महाशिवरात्रि को देखते हुए बाजार में कल शाम से ही भीड़ रही। वही महाशिवरात्रि के चलते सभी फलों के साथ ही फूलों के भी दाम बढ़ गए है। रोजाना मिलने वाली कीमतों में अचानक कीमत बढ़ा दी है। हालांकि फिर भी पूजा अर्चना व खाने-पीने के लिए लोगों को जरूरत के सामान खरीदने पड़ रहे है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार