उत्तराखंड में 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए संकल्प कांवड़ यात्रा
उत्तराखंड में ओलंपिक 2036 की मेजबानी का संकल्प
उत्तराखंड: भारत 2036 में ओलंपिक खेलों की मेज़बानी करने का संकल्प लेते हुए, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने 'ओलंपिक 2036 संकल्प कांवड़ यात्रा' की शुरुआत की है। यह यात्रा आज सुबह 7:00 बजे हरिद्वार के प्रसिद्ध 'हर की पैड़ी' से आरंभ हुई।
हर की पैड़ी पर, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पूजा-अर्चना के बाद गंगाजल उठाते हुए देश में ओलंपिक खेलों के सफल आयोजन का संकल्प लिया।
सैकड़ों खिलाड़ियों और महिलाओं की भागीदारी
यह कांवड़ यात्रा हरिद्वार से शुरू होकर रायवाला तक पहुँच चुकी है। यात्रा में खेल मंत्री के साथ सैकड़ों महिला खिलाड़ी, एथलीट और स्थानीय नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं। यात्रा के दौरान 'हर-हर महादेव' और 'भारत माता की जय' के उद्घोष से पूरा मार्ग गूंज रहा है।
वीरभद्र मंदिर में जलाभिषेक
यात्रा के मार्ग में श्रद्धालुओं और खेल प्रेमियों द्वारा भव्य स्वागत किया जा रहा है। इस संकल्प कांवड़ यात्रा का समापन आज शाम ऋषिकेश के प्रसिद्ध वीरभद्र मंदिर में होगा, जहाँ खेल मंत्री रेखा आर्या भगवान शिव का पवित्र गंगाजल से जलाभिषेक कर भारत की ओलंपिक मेज़बानी की सफलता की कामना करेंगी।