उत्तराखंड में पेपर लीक की घटना, दो परीक्षाएं रद्द
उत्तराखंड में पेपर लीक का मामला
उत्तराखंड: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे धरना-प्रदर्शन के बीच उत्तराखंड से एक और पेपर लीक की सूचना आई है। उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग के दो पेपर कथित तौर पर लीक हो गए हैं। इसके परिणामस्वरूप, विश्वविद्यालय ने दोनों विषयों की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक आशीष कुमार, जो शिवालिक कॉलेज में प्रोफेसर हैं, ने प्रश्नपत्र तैयार करने का कार्य किया था। उन पर आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से संबंधित सवाल एक कॉलेज के व्हाट्सऐप ग्रुप में छात्रों को भेजे। इसके बाद दोनों पेपर रद्द कर दिए गए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
इस घटना में कॉलेज की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पेपर लीक की घटनाओं के चलते देशभर में छात्रों की चिंताएं बढ़ गई हैं, और वे इस मुद्दे पर ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसी बीच, उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से यह खबर आई है.
वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर तृप्ता ठाकुर ने कहा कि जिस कॉलेज से यह शिक्षक हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि आगामी परीक्षाओं में उस शिक्षक की भूमिका को अगले 7 साल के लिए निलंबित कर दिया गया है। इस शिक्षक ने अपने 22 छात्रों के लिए अनियमितता की है.
वीसी ने आगे कहा कि हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि हम ऐसे शिक्षकों को अपनी परीक्षाओं में शामिल न करें। जिस कॉलेज का यह शिक्षक है, उसे उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। हमने कॉलेज को सूचित किया है कि हम उनकी कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। लीक हुआ पेपर उसी कॉलेज का था। जांच में पता चला कि एक पेपर पहले से ही लीक हो चुका था, इसलिए उसे भी रद्द कर दिया गया। वीसी ने बताया कि अगस्त में परीक्षा आयोजित की जाएगी और नई तारीख जल्द ही घोषित की जाएगी.