×

ओडिशा के कटक में अस्पताल में आग, 10 मरीजों की हुई मौत

ओडिशा के कटक में एक अस्पताल में आग लगने से 10 मरीजों की जान चली गई। इस घटना में कई कर्मचारी भी झुलस गए। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने की घोषणा की है और हादसे की उच्च स्तरीय जांच का आदेश दिया है। जानें इस दर्दनाक घटना के बारे में और क्या कदम उठाए गए हैं।
 

कटक में अस्पताल में आग का हादसा

कटक। एक के बाद एक राज्य में अस्पतालों में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिसमें मरीजों की जान जा रही है। गुजरात के बाद अब ओडिशा के कटक स्थित श्रीराम चंद्र भांजा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रविवार रात लगभग तीन बजे आग लग गई। इस दुर्घटना में 10 मरीजों की जान चली गई। इनमें से सात मरीजों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य की मौत इलाज के दौरान हुई।


जानकारी के अनुसार, आग ट्रॉमा केयर के आईसीयू में पहली मंजिल पर लगी थी, जहां 23 मरीज भर्ती थे। इस दौरान अस्पताल के कम से कम 11 कर्मचारी भी झुलस गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने सोमवार सुबह घायलों का हाल जानने के लिए अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है और हादसे की उच्च स्तरीय जांच का आदेश भी दिया है।