चन्द्र शेखर धरणी फिर से बने हरियाणा विधानसभा प्रेस एडवाइजरी कमेटी के अध्यक्ष
हरियाणा विधानसभा की प्रेस एडवाइजरी कमेटी का नया नेतृत्व
चन्द्र शेखर धरणी, जितेंद्र चौधरी और योगिंद्र शर्मा को बहुमत से चुना गया
चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा की प्रेस एडवाइजरी कमेटी (पीएसी) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए वरिष्ठ पत्रकार चन्द्र शेखर धरणी को अध्यक्ष के रूप में पुनः चुना है। जितेंद्र चौधरी को उप प्रधान और योगिंद्र शर्मा को सचिव के पद पर बहुमत से चुना गया।
पीएसी की बैठक का संचालन विधानसभा के सचिव राजीव प्रसाद ने किया, जिसमें दिनेश भारद्वाज ने पिछले साल की कमेटी को फिर से स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव का समर्थन अनिल गाबा, दीपक बंसल और सुशील भार्गव ने किया। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद, नए पदाधिकारियों और सदस्यों ने हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण का आभार व्यक्त किया।
बैठक में यह सुझाव भी दिया गया कि हरियाणा में पंजाब की तरह पीएसी के सदस्यों के लिए बजट और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। पंजाब विधानसभा में सदस्यों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जिसे हरियाणा में भी लागू करने की मांग की गई।
धरणी पहले भी वित्तीय वर्ष 2024-25 में सर्वसम्मति से पीएसी के अध्यक्ष रह चुके हैं। हाल ही में विधानसभा के स्पीकर हरविन्द्र कल्याण ने मान्यता प्राप्त पत्रकारों की प्रेस एडवाइजरी कमेटी का गठन किया है, जिसका कार्यकाल 31 मार्च 2026 तक रहेगा।
इस कमेटी में वरिष्ठ पत्रकार दीपक बंसल, राकेश गुप्ता, चंद्रशेखर धरणी, योगेंद्र शर्मा, दिनेश भारद्वाज, सुशील भार्गव, अनिल गाबा, महावीर जैन, जितेंद्र चौधरी, अंकित दुदानी, पवन कुमार सींवर, निश्चल भटनागर और अनुराग अग्रवाल शामिल हैं। विशेष आमंत्रित सदस्यों में राजेश जैन और संजीव शर्मा का नाम है। जल्द ही इस कमेटी की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा।
धरणी ने मीडिया और विधानसभा के बीच संवाद और पारदर्शिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी अध्यक्षता में पीएसी की पहली बैठक दिल्ली हरियाणा भवन में आयोजित की गई, जिसमें बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया। धरणी के नेतृत्व में पीएसी का स्टडी टूर जम्मू और कश्मीर के श्रीनगर में आयोजित किया गया, जिससे सदस्यों को प्रशासनिक प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अनुभव मिला।
चन्द्र शेखर धरणी ने अध्यक्ष बनने के बाद सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और कहा, “मुझे इस सम्मान और जिम्मेदारी पर गर्व है। मैं हरियाणा विधानसभा और मीडिया के बीच समन्वय को और प्रभावी बनाने के लिए अपनी पूरी कोशिश करूंगा।”
फोटो कैप्शन: पीएसी के नए पदाधिकारियों ने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण का आभार व्यक्त किया।