दिल्ली पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में 71 लाख रुपये की रकम के साथ तीन आरोपियों को पकड़ा
साइबर ठगों का नया तरीका
नई दिल्ली: साइबर अपराधियों ने अब पुलिस की वर्दी और रौब को ठगी का एक नया तरीका बना लिया है। ये ठग कभी सीबीआई, कभी पुलिस या आईपीएस अधिकारी बनकर लोगों को कानून के शिकंजे में फंसाने की धमकी देते हैं। हाल ही में, दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ इकाई ने 71 लाख रुपये की डिजिटल ठगी के मामले में तीन आरोपियों को मध्य प्रदेश के भोपाल से गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने ठगी की रकम से खरीदे गए तीन नए मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं और फर्जी बैंक खातों के नेटवर्क का भी खुलासा किया है।
आईपीएस अधिकारी बनकर ठगी
मुंबई में तैनात आईपीएस बनकर किया फोन: आईएफएसओ के डीसीपी-I गौरव त्यागी ने बताया कि यह मामला तब शुरू हुआ जब पीड़िता को एक इंटरनेट आधारित वीडियो कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई में तैनात आईपीएस अधिकारी बताया और महिला को डराया कि उसके नाम पर जारी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल धनशोधन में हो रहा है। उसने महिला को गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत की धमकी देकर पैसे जमा कराने के लिए मजबूर किया। कानूनी कार्रवाई के डर से पीड़िता ने दो अलग-अलग बैंक लेनदेन में कुल 71 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस मामले में 8 अक्टूबर 2026 को स्पेशल सेल थाने में ई-एफआईआर संख्या 167/2026 दर्ज की गई।
पुलिस की जांच और गिरफ्तारी
बैंक खातों की कड़ियां जोड़कर भोपाल तक पहुंची पुलिस: मामले की गंभीरता को देखते हुए आईएफएसओ की विशेष टीम ने पैसे के लेनदेन की गहन जांच शुरू की। पुलिस ने बैंक खातों की कड़ियों को जोड़ते हुए उन खातों तक पहुंच बनाई, जिनका उपयोग ठगी की रकम प्राप्त करने और आगे भेजने के लिए किया जा रहा था। लगातार जांच और तकनीकी पड़ताल के बाद भोपाल से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 31 वर्षीय महिला, 28 वर्षीय अमन सोनी और अमन सोनी की 30 वर्षीय बहन शामिल हैं।
ठगी की रकम का उपयोग
15 लाख निकाले, मोबाइल खरीदने में भी उड़ाई रकम: जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपने बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम को आगे भेजने और निकालने में मदद करते थे। लगभग 15 लाख रुपये निकालकर आरोपियों और उनके सहयोगियों के बीच बांटे जाने की जानकारी मिली है। ठगी की रकम के एक हिस्से से महंगे मोबाइल फोन भी खरीदे गए थे, जिनमें से तीन नए मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद किए हैं।
पुलिस की भूमिका
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका: यह कार्रवाई एसीपी आईएफएसओ मनोज कुमार मिश्रा की करीबी निगरानी और डीसीपी-I आईएफएसओ गौरव त्यागी के समग्र पर्यवेक्षण में की गई। जांच और गिरफ्तारी अभियान में उपनिरीक्षक सचिन देव दांगी, हेड कांस्टेबल कपिल कुमार तोमर और हेड कांस्टेबल गोल्डी खत्री शामिल रहे। डीसीपी गौरव त्यागी ने कहा कि संगठित साइबर अपराध नेटवर्क की पहचान, ठगी की रकम का पता लगाने और इसमें शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा।