दिल्ली में पुलिस पर चाकू से हमला: आरोपी ने दो बार दी चुनौती
दिल्ली में पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला
नई दिल्ली: दिल्ली में एक आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से जानलेवा हमला किया। यह घटना सोमवार दोपहर लगभग 2:30 बजे जामा मस्जिद थाने में हुई, जहां नबील (30) को मां और बहन की शिकायत पर काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था। अचानक उसने चाकू निकालकर पुलिस पर हमला कर दिया, जिससे एसआई अजय, एसआई अरविंद, हेड कांस्टेबल हरेंद्र, एएसआई श्रीकृष्ण और हेड कांस्टेबल बलजीत घायल हो गए। आरोपी ने थाने से भागते समय एक नागरिक का स्कूटर भी छीन लिया।
चिटली कब्र में दूसरी बार पुलिस से भिड़ंत
आरोपी की तलाश में मध्य जिला एएटीएस और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने चिटली कब्र, चांदनी महल क्षेत्र में उसे घेर लिया। शाम लगभग 4:30 बजे गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान आरोपी ने फिर से चाकू से हमला किया, जिसमें कांस्टेबल अंकित, जयंत, लोकेश और परमिंदर घायल हो गए।
पुलिस ने नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें आठ राउंड चलाए गए, जिनमें से छह गोलियां आरोपी के पैरों में लगीं। सभी नौ घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, और आरोपी का भी इलाज जारी है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में मामले दर्ज किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में दरियागंज थाने में भी उसके खिलाफ धारा 324 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच प्रक्रिया जारी है।