दिल्ली में वाहन चोरी पर काबू पाने के लिए पुलिस ने चलाया ऑपरेशन चक्र, दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की बड़ी कार्रवाई से वाहन चोरी में कमी
नई दिल्ली: शाहदरा क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जगतपुरी थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। ऑपरेशन चक्र के तहत, पुलिस ने दो संदिग्ध वाहन चोरों को गिरफ्तार किया और चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई ने जगतपुरी, दयालपुर, फर्श बाजार और कृष्णा नगर थाना क्षेत्रों में दर्ज चार वाहन चोरी के मामलों का खुलासा किया है।
मोटरसाइकिल चोरी की घटना से शुरू हुई जांच
शाहदरा जिला के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा के अनुसार, 23 सितंबर को जगतपुरी में एक घर के बाहर खड़ी टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस मामले में 25 सितंबर को ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच के दौरान, पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों और संभावित भागने के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की 100 से अधिक फुटेज की जांच की।
गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध चोरी की मोटरसाइकिल के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद, पुलिस ने मास्टर प्लान रोड और ड्रेन रोड, जगतपुरी पर जाल बिछाकर सचिन कुमार (19) और सुमित (19) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी खजूरी खास, दिल्ली के निवासी हैं।
बरामद मोटरसाइकिलों की जानकारी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान और आरोपियों की निशानदेही पर तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। बरामद वाहनों में एक टीवीएस अपाचे और तीन हीरो स्प्लेंडर प्लस शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि इन बरामदगी से चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
सचिन का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सचिन कुमार पहले भी तीन आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। इस कार्रवाई में जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल रवि, कांस्टेबल अंकुर मान, कांस्टेबल यतेंद्र और कांस्टेबल बनवारी लाल सिहाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। एसीपी विवेक विहार पवन कुमार की निगरानी और डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा के पर्यवेक्षण में अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।