☰
×

दीपावली पर मुज़फ़्फ़रनगर में रेहड़ी-पटरी दुकानदारों का हंगामा: प्रशासन ने बाजार लगाने से किया इनकार

मुज़फ़्फ़रनगर में दीपावली के अवसर पर रेहड़ी-पटरी दुकानदारों ने बाजार लगाने को लेकर प्रशासन के खिलाफ हंगामा किया। प्रशासन ने सड़क पर दुकानें लगाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है और दुकानदारों को टाउन हॉल के मैदान में दुकानें लगाने का निर्देश दिया है। दुकानदारों ने इस निर्णय का विरोध करते हुए आर्थिक नुकसान की चिंता जताई है। जानिए इस विवाद के पीछे की पूरी कहानी और प्रशासन का क्या कहना है।
 

मुज़फ़्फ़रनगर में दीपावली पर बाजार लगाने को लेकर विवाद


मुज़फ़्फ़रनगर: दीपावली के अवसर पर भगत सिंह रोड पर बाजार लगाने को लेकर गुरुवार को रेहड़ी-पटरी दुकानदारों ने जोरदार हंगामा किया। प्रशासन ने इस बार सड़क के बीच बाजार लगाने की अनुमति देने से मना कर दिया है और दुकानदारों को शिव चौक से लगभग 400 मीटर आगे टाउन हॉल के मैदान में दुकानें लगाने का निर्देश दिया है। इस निर्णय का छोटे व्यापारियों ने विरोध किया।


प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हंगामा

हंगामे की सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट दीपक पाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अन्नू चौधरी, शहर कोतवाल बृजेश शर्मा और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पिछले कई वर्षों से दीपावली पर भगत सिंह रोड के बीच अस्थायी बाजार लगता रहा है, लेकिन इस बार प्रशासन ने यातायात और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सड़क पर दुकानें लगाने पर रोक लगा दी है।


दुकानदारों की नाराजगी और आर्थिक चिंताएं

दुकानदारों का कहना है कि भगत सिंह रोड पर पहले से ही दुकानों के बाहर ठिए लगे हुए हैं। कई लोगों ने 20-20 हजार रुपये तक खर्च कर ठिए खरीदे हैं। उनका तर्क है कि ग्राहक बाजार में खरीदारी करने आएंगे, लेकिन टाउन हॉल तक नहीं पहुंचेंगे। ऐसे में उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। दुकानदारों ने यह भी कहा कि पहले पांच दिन बाजार लगता था, जबकि इस बार उनके पास दुकान लगाने के लिए केवल तीन दिन बचे हैं। उनका आरोप है कि स्थान बदलने की जानकारी पहले नहीं दी गई।


टाउन हॉल में दुकानों का आवंटन और प्रशासन का रुख

इस बीच, प्रशासन ने टाउन हॉल मैदान में दुकानें आवंटित करने के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है। इसके लिए प्रत्येक दुकानदार से 100 रुपये शुल्क लिया जा रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट दीपक पाल ने स्पष्ट किया कि इस बार भगत सिंह रोड पर सड़क के बीच किसी भी प्रकार का ठिया नहीं लगने दिया जाएगा। उनके अनुसार, सड़क पर बाजार लगने से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा रहता है। आग लगने जैसी स्थिति में दमकल की गाड़ियों को पहुंचने में भी परेशानी हो सकती है। इसी कारण सभी दुकानदारों के लिए टाउन हॉल मैदान में व्यवस्था की गई है।