नौतनवा में मोहर्रम पर्व की तैयारियों का निरीक्षण
मोहर्रम पर्व की तैयारी में नगर पालिका की सक्रियता
महराजगंज :: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से मनाने के लिए नगर पालिका परिषद नौतनवा ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इस क्रम में, नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने कर्बला प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ कर्बला स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान, उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, मार्गों की स्थिति और अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पालिका अध्यक्ष ने कहा कि मोहर्रम मेले में नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ताजियादार शामिल होते हैं। इसलिए, किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सफाई, विद्युत और जलकल विभाग को आवश्यक तैयारियों को समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान कर्बला प्रबंध समिति के अध्यक्ष नफीस उर्फ छोट्टन कुरैशी, आसिक उर्फ झुल्लूर कुरैशी, सफाई प्रभारी गोविंद प्रसाद, जलकल प्रभारी सत्यप्रकाश, विद्युत व्यवस्थापक प्रमोद पाठक, अतीक अंसारी, समीम कुरैशी, मनौव्वर हुसैन और फिरोज अहमद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।