प्रधानमंत्री मोदी के विज़न से प्रेरित 'विकसित भारत पदयात्राएं' का आयोजन
राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को बढ़ावा देने की पहल
- युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा विकसित भारत पदयात्राओं का आयोजन, सरदार पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित राष्ट्रव्यापी पहल
फरीदाबाद। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा 'माई भारत' के तहत विकसित भारत पदयात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गर्व, एकता की भावना और समाज के प्रति जिम्मेदारी को बढ़ावा देना है।
सभी वर्गों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है
यह जानकारी युवा सशक्तिकरण विभाग के मंत्री गौरव गौतम ने सोमवार को सेक्टर-16 स्थित मैगपाई टूरिज्म परिसर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में साझा की। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनभागीदारी से राष्ट्र निर्माण के विज़न से प्रेरित है, जिसमें युवा से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
विशेष रूप से आज के युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका को उजागर किया जा रहा है। इस पहल की शुरुआत 6 अक्टूबर को की गई, जो भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित है।
अभियान के दो प्रमुख चरणों की योजना
खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि इस अभियान का डिजिटल शुभारंभ केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा माई भारत पोर्टल पर किया गया। डिजिटल चरण में सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता और अन्य गतिविधियाँ शामिल हैं। इस कार्यक्रम के तहत चुने गए 150 युवा नेताओं को राष्ट्रीय पदयात्रा में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
पहला चरण 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगा, जिसमें देशभर के जिलों में 8 से 10 किलोमीटर लंबी पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, दूसरा चरण 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें 152 किलोमीटर की राष्ट्रीय पदयात्रा सरदार पटेल जी के जन्म स्थान करमसद से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, केवडिया तक निकाली जाएगी।
यात्रा मार्ग में 150 पड़ावों पर सरदार पटेल जी के जीवन पर प्रदर्शनी, सांस्कृतिक उत्सव और सरदार गाथा जैसे विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी प्रियंका मलिक सहित अन्य कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।