भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत पर मनोरंजन जगत का जश्न
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बनाया इतिहास
मुंबई: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2025 के वनडे विश्व कप में अपनी पहली खिताबी जीत हासिल की है। डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल में, टीम ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर यह उपलब्धि प्राप्त की। इस ऐतिहासिक जीत के बाद, खेल और मनोरंजन की दुनिया के कई सितारों ने अपनी खुशी व्यक्त की। रजनीकांत, भूमि पेडनेकर, सामंथा रुथ प्रभु और करीना कपूर खान जैसे कलाकारों ने सोशल मीडिया पर टीम को बधाई दी और इस जीत को देश और समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'भारत के लिए यह एक गर्व का क्षण है! हमारी टीम ने साहस, गरिमा और शक्ति की नई परिभाषा दी है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। आपने बेखौफ और अडिगता के साथ तिरंगे को पूरे विश्व में लहराया। बहुत-बहुत बधाई। इतिहास रचा गया है। जय हिंद।'
भूमि पेडनेकर ने इस जीत पर कहा, 'ब्रावो गर्ल्स! यह जीत सिर्फ कप उठाने के बारे में नहीं है, बल्कि उन लाखों लोगों के सपनों को उठाने के बारे में है, जिन्होंने आपको हर रन, हर कैच और मैदान पर अनगिनत निडर पलों के साथ बाधाओं को तोड़ते देखा। यह जीत हर लड़की के लिए है, जिन्होंने बड़े सपने देखने की हिम्मत की। आपने सिर्फ इतिहास नहीं बनाया, बल्कि आशा को और चमकदार बनाया है।'
सामंथा रुथ प्रभु ने लिखा, 'ऐसे पल ट्रॉफी से कहीं ज्यादा बड़े होते हैं। यह महिलाओं के खेल में एक बड़ा बदलाव है। हमने अपने नायकों को देखा जिन्होंने इसके लिए संघर्ष किया। मेहनत, दिल और पसीने की हर एक बूंद को इसे हासिल करने के लिए लगा दिया। आज टीम ट्रॉफी घर ले आई है। इस जीत ने राष्ट्र का महिलाओं के खेल को देखने का नजरिया बदल दिया है।'
करीना कपूर खान ने भी इस जीत को गर्व और प्रेरणा का पल बताया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'भारत के लिए, खेल के लिए और हर उस लड़की के लिए गर्व का पल, जिसने बड़े सपने देखने की हिम्मत की। 2-11-2025, याद रखने वाली तारीख है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम को सलाम। आप असली हीरो हैं और दुनिया को दिखाया कि यह कैसे किया जाता है।'