महाकालेश्वर मंदिर में नाग पंचमी पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
महाकालेश्वर मंदिर में विशेष आयोजन
उज्जैन - सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के अवसर पर महाकालेश्वर मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही है। मंदिर के कपाट सुबह 2:30 बजे खोले गए, जिसके बाद 3 बजे बाबा महाकाल की विशेष भस्म आरती का आयोजन किया गया। इसके बाद बाबा महाकाल का भव्य पंचामृत अभिषेक किया गया।
सोमवार की सुबह भगवान वीरभद्र की आज्ञा लेने के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ बाबा महाकाल के कपाट खोले गए। भव्य शृंगार और भस्म आरती के बाद जब श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए, तो पूरा मंदिर परिसर 'जय श्री महाकाल' के उद्घोष से गूंज उठा। मंदिर में घंटियों, शंखध्वनि और मंत्रोच्चार की गूंज सुनाई दी।
महाकालेश्वर मंदिर के मुख्य शिखर पर भगवान नागचंद्रेश्वर महादेव के कपाट भी खोले गए हैं। यह दुर्लभ अवसर साल में केवल एक बार आता है, जब श्रद्धालुओं को प्रभु के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होता है। आधी रात को भगवान नागचंद्रेश्वर के कपाट खोले गए, और तब से भक्त पूजा-अर्चना कर रहे हैं। दर्शन का यह क्रम 24 घंटे तक जारी रहेगा। उज्जैन के कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने कहा, "आज नाग पंचमी का पर्व है। भक्त साल में केवल 24 घंटे ही भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन कर सकते हैं।" उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन की व्यवस्थाओं का पालन करने की अपील की।
बाबा महाकाल को चांदी का मुकुट अर्पित किया गया और महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भस्म अर्पित की गई। ढोल नगाड़े के उद्घोष के बीच बाबा महाकाल की भस्म आरती की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के निराकार से साकार स्वरूप के दर्शन किए।