महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में 72.96% मतदान, अमरावती में सबसे अधिक
महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव का मतदान
महाराष्ट्र विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक सीटों के लिए हुए चुनाव में मतदान का प्रतिशत 72.96% रहा। अधिकारियों के अनुसार, अमरावती संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 92.25% मतदान हुआ।
मतदान 23 अक्टूबर को पुणे स्नातक, नागपुर स्नातक, छत्रपति संभाजीनगर स्नातक, पुणे शिक्षक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में हुआ, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
पुणे संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 85.86% मतदान हुआ, जबकि नागपुर संभाग स्नातक में 64.82%, पुणे स्नातक में 62.76% और छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्नातक में 59.12% मतदान दर्ज किया गया।
आंकड़ों के अनुसार, अमरावती संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 35,810 पंजीकृत मतदाताओं में से 33,034 ने मतदान किया। पुणे संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 61,940 मतदाताओं में से 53,184 ने वोट डाले।
नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 2,55,603 पंजीकृत मतदाताओं में से 1,65,672 ने मतदान किया। पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 3,88,019 मतदाताओं में से 2,43,521 ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 3,26,700 पंजीकृत मतदाताओं में से 1,93,134 ने मतदान किया।
इन पांच निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 182 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नागपुर स्नातक, पुणे शिक्षक और पुणे स्नातक सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे। छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्नातक सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने चुनाव लड़ा, जबकि अमरावती शिक्षक सीट पर शिवसेना ने अपना उम्मीदवार पेश किया।
शिवसेना ने पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ एक निर्दलीय प्रत्याशी का भी समर्थन किया। भाजपा, शिवसेना और राकांपा सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन का हिस्सा हैं।
विपक्षी महा विकास आघाड़ी (एमवीए) में शामिल कांग्रेस ने नागपुर स्नातक, पुणे शिक्षक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव लड़ा।