सीएम योगी ने 475 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री योगी का दौरा और विकास योजनाएं
उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को संत कबीर नगर के धनघटा में प्राचीन बैजूनाथ धाम का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने संत कबीर नगर और गोरखपुर जिले की खजनी विधानसभा क्षेत्र के लिए 475 करोड़ रुपये की 139 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें संत कबीर नगर के लिए 224.79 करोड़ की 65 और खजनी के लिए 250 करोड़ की 74 योजनाएं शामिल हैं।
आपातकाल दिवस के अवसर पर, मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि 1975 में इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल ने लोकतंत्र की हत्या की थी और उस समय के दिग्गज नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जो लोग 2024 के चुनाव में संविधान की प्रति लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं, उनके राजनीतिक पूर्वजों ने बाबा साहब के संविधान का अपमान किया था। ऐसे में राहुल गांधी और अखिलेश यादव किस आधार पर जनता के बीच जा सकते हैं?
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 25, 2026
सीएम योगी ने कहा कि सपा और कांग्रेस की सरकारों में लोगों की आवाजाही और मतदान पर रोक लगाई जाती थी, जबकि आज डबल इंजन की सरकार हर वर्ग को सम्मान और छत प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि जब बेईमानों और भ्रष्टाचारियों की सरकार आती है, तो वे जनता के अधिकारों पर डाका डालते हैं और गरीबों का हक छीनते हैं।
सीएम ने आगे कहा कि आज का उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है। खजनी और धनघटा क्षेत्र, जो पहले बेहद पिछड़े माने जाते थे, अब पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जुड़े हुए हैं, जिससे बेलघाट के लोग अब बिना भटके सीधे 2 घंटे में लखनऊ पहुंच सकते हैं। कबीर दास जी की स्थली मगहर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जहां पहले अंधविश्वास के कारण विकास नहीं हो रहा था, अब वहां ऑडिटोरियम और एकेडमी स्थापित की गई हैं।
आमी नदी पार करते ही गोरखपुर का औद्योगिक क्षेत्र मगहर के युवाओं को रोजगार प्रदान कर रहा है। इसके अलावा, मेंहदावल में पक्षी विहार को ईको-टूरिज्म के रूप में विकसित किया जा रहा है और जहां पहले उच्च शिक्षा के साधन नहीं थे, वहां अब डिग्री कॉलेज, पॉलिटेक्निक, आईटीआई और अटल आवासीय विद्यालय खोले जा रहे हैं।