हमीरपुर में तूफान के चलते निर्माणाधीन पुल गिरा, 6 मजदूरों की मौत
हमीरपुर में बड़ा हादसा
हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार की रात तेज आंधी और तूफान के कारण एक गंभीर दुर्घटना हुई। बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल अचानक ढह गया, जिससे कई मजदूर मलबे में दब गए। इस हादसे में अब तक छह मजदूरों की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है, और अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटनास्थल पर अफरा-तफरी
हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। यह पुल लालपुर थाना क्षेत्र में बन रहा था, जो मोराकंदर और कुरारा के बीच संपर्क स्थापित करने वाला था।
तूफान का प्रभाव
जानकारी के अनुसार, तेज आंधी और तूफान के चलते पुल का स्लैब अचानक गिर गया। उस समय कई मजदूर काम कर रहे थे, जो मलबे में दब गए। प्रशासन को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
SDRF और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन
हमीरपुर के ASP अरविंद कुमार वर्मा ने इस घटना को दुखद बताते हुए कहा, "निर्माणाधीन पुल तूफान के कारण गिर गया और छह मजदूरों की जान चली गई। हमें शुक्रवार रात करीब 2 बजे सूचना मिली थी कि पुल का एक स्लैब गिर गया है, जिसके नीचे कुछ लोग फंसे हुए हैं।" उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। अभी भी तीन लोग खंभे पर फंसे हुए हैं। SDRF और हमारी टीम उन्हें बचाने के लिए प्रयासरत है।
हादसे में मृत मजदूरों की पहचान
- लोकेंद्र (22) और कुलदीप निषाद (22), निवासी चिल्ला थाना, बांदा
- सावंत यादव (28) और सभाजीत (30), निवासी भूरागढ़, बांदा
- पुष्पेंद्र सिंह चौहान (34), निवासी स्वासा खुर्द थाना क्षेत्र, लालपुर हमीरपुर
- राजेश पाल (42), निवासी अचपुरा थाना क्षेत्र, लालपुर
फंसे हुए मजदूर
- अवधेश निषाद, निवासी भूरागढ़ बांदा
- कल्लू यादव, निवासी भूरागढ़ बांदा
- राजेश निषाद, निवासी नरैनी बांदा