×

हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत के साथ आमजन व पर्यटकों की भागीदारी बढ़ाएं: मुख्यमंत्री

 


-शिक्षा विभाग विरासत स्थलों पर विद्यार्थियों के टूर को बढ़ाए

-सीएम ने 12 संरक्षित समारकों पर जारी की स्टाम्प

चंडीगढ़, 11 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने प्रदेश के विरासत स्थलों, संरचनाओं, संग्रहालयों और कलाकृतियों के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए पुरातत्व और संग्रहालय विभाग द्वारा किये जा रहे प्रयासों को बढ़ाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि विभाग इस दिशा में और तेज़ी से कार्य करे ताकि हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ अधिक से अधिक लोगों और पर्यटकों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने यहां 12 राज्य संरक्षित स्मारकों की विशेषता वाले एक कस्टमाइज्ड माई स्टाम्प को जारी करते हुए यह बात कही। उन्होंने विभाग द्वारा 38 नए अपनाए गए स्मारकों और स्थलों का अनावरण भी किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने राज्य की विरासत और सांस्कृतिक समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए विभाग के पांच नए प्रकाशनों का भी अनावरण किया।

मुख्यमंत्री ने पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग द्वारा शिक्षा विभाग के साथ मिलकर शैक्षिक पहल की सराहना करते हुए प्रदेश के विरासत स्थलों और स्मारकों पर विद्यार्थियों की यात्राओं को बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल हमारी युवा पीढ़ी में गर्व और जागरूकता की भावना पैदा करने के साथ साथ हमारी सांस्कृतिक जड़ों के साथ गहरा जुड़ाव पैदा करेगी।

पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की प्रधान सचिव कला रामचंद्रन ने कहा कि वर्ष 1972 में विभाग की स्थापना के बाद से यह राज्य के लिए पहली बार है कि हरियाणा डाक सर्किल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल के सहयोग से 12 राज्य संरक्षित स्मारकों पर डाक टिकट शीट जारी की जा रही है। ये कस्टमाइज्ड स्टाम्प शीट गुणवत्तापूर्ण स्मृति चिह्न के रूप में काम करती है, जो जनता के बीच सांस्कृतिक संवेदनशीलता को दर्शाती है तथा उन्हें राज्य की विरासत से जुड़ने में मदद करती है। उन्होंने बताया कि विभाग ने राज्य संरक्षण के लिए 38 विरासत स्थलों को अपनाया है और संरक्षण में पहले से ही 40 स्थल हैं। इसके अलावा, 30 और स्थलों की पहचान की गई है तथा उन्हें राज्य संरक्षित स्थल घोषित करने की प्रक्रिया चल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा / दधिबल यादव