×

हरियाणा में नए हवाई अड्डे की सुविधाओं का उद्घाटन, जम्मू और अहमदाबाद के लिए उड़ानें जल्द शुरू होंगी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भिवानी में चौ. बंसी लाल सिविल एरोड्रम पर नए हवाई अड्डे की सुविधाओं का उद्घाटन किया। इस परियोजना का उद्देश्य हरियाणा में विमानन अवसंरचना का विस्तार करना और क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि हिसार एयरपोर्ट से जल्द ही जम्मू और अहमदाबाद के लिए उड़ानें शुरू होंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, ट्रेनी पायलटों को भी सम्मानित किया गया और आधुनिक जायरोकॉप्टर का प्रदर्शन किया गया।
 

भिवानी में हवाई अड्डे की नई सुविधाओं का उद्घाटन

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को भिवानी में चौ. बंसी लाल सिविल एरोड्रम पर लगभग 31 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक हैंगर, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) भवन, सुरक्षा चौकी और कैंटीन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सांसद धर्मबीर सिंह, भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि भिवानी, जो वीरों, खिलाड़ियों और संतों की भूमि है, आज विकास के एक नए अध्याय की शुरुआत कर रहा है। यह परियोजना केवल भवनों का उद्घाटन नहीं है, बल्कि हरियाणा में आधुनिक विमानन अवसंरचना के विस्तार और क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नागरिक उड्डयन क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। 'उड़ान' योजना ने छोटे शहरों को हवाई सेवाओं से जोड़कर आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा को सुलभ बनाया है। हरियाणा सरकार भी इसी दिशा में कार्य कर रही है।


मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हरियाणा को उत्तर भारत का प्रमुख विमानन केंद्र बनाना है। हिसार एयरपोर्ट का तेजी से विकास किया जा रहा है, जहां से दिल्ली, अयोध्या, चंडीगढ़ और जयपुर के लिए उड़ान सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं। जल्द ही जम्मू और अहमदाबाद के लिए भी उड़ानें शुरू होंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।


भिवानी में चौ. बंसी लाल सिविल एरोड्रम पर विकसित की गई नई सुविधाएं विमानों के सुरक्षित संचालन, प्रशिक्षण गतिविधियों और विमानन सेवाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इससे युवाओं के लिए एविएशन सेक्टर में रोजगार और प्रशिक्षण के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में निवेश आकर्षित करने, उद्योगों को प्रोत्साहित करने और आधुनिक आधारभूत ढांचे के निर्माण पर ध्यान दे रही है। मजबूत हवाई संपर्क किसी भी क्षेत्र के आर्थिक विकास का आधार होता है और भिवानी हवाई अड्डे का सुदृढ़ीकरण पश्चिमी हरियाणा के विकास को नई गति प्रदान करेगा।


नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार नागरिक उड्डयन, सड़क, रेल और डिजिटल कनेक्टिविटी को एकीकृत रूप से विकसित कर रही है ताकि हरियाणा देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले राज्यों में अपनी अग्रणी भूमिका बनाए रखे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भिवानी के सिविल एरोड्रम की ये नई सुविधाएं क्षेत्रीय विकास, निवेश, पर्यटन और रोजगार सृजन में मील का पत्थर साबित होंगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में पायलटों और डॉक्टरों की कमी है, जिसे पूरा करने के लिए सरकार कार्य कर रही है। हरियाणा के 17 जिलों में मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चुनाव से पहले 217 संकल्प लिए गए थे, जिनमें से 63 संकल्प डेढ़ साल के कार्यकाल में पूरे किए जा चुके हैं। हरियाणा में किसानों की सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि 1.80 लाख रुपये सालाना आय वाले परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। अब तक 15 लाख घरों को सिलेंडर उपलब्ध कराए गए हैं, जिन पर सरकार ने 300 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसी प्रकार, एक लाख रुपये सालाना आमदनी वाले परिवारों की महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपये देने का वादा किया गया था।


ट्रेनी पायलटों को सम्मानित किया गया:


भिवानी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 200 घंटों की उड़ान पूरी करने वाले ट्रेनी पायलटों को बैज लगाकर सम्मानित किया और उन्हें बधाई दी। इस एरोड्रम से 120 ट्रेनी पायलटों ने प्रशिक्षण पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।


आधुनिक दो-सीटर जायरोकॉप्टर का प्रदर्शन:


इस अवसर पर आधुनिक और लग्जरी श्रेणी के दो-सीटर जायरोकॉप्टर का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने स्वयं इस जायरोकॉप्टर में बैठकर इसकी तकनीक और सुविधाओं की जानकारी ली। यह जायरोकॉप्टर व्यक्तिगत हवाई यात्रा, एरियल टूरिज्म, निगरानी एवं सर्वेक्षण, फोटोग्राफी और वीडियो शूट तथा पायलट प्रशिक्षण में उपयोगी है।