PETA इंडिया की मीट विज्ञापनों पर रोक लगाने की अपील
मीट विज्ञापनों पर रोक की मांग
भारत में मीट विज्ञापन: PETA इंडिया ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया है कि 2 अक्टूबर से मीट को बढ़ावा देने वाले विज्ञापनों पर रोक लगाई जाए। यह रोक बिलबोर्ड, टेलीविजन, ऑनलाइन प्लेटफार्मों और अन्य मीडिया पर लागू होगी। इस संगठन का मानना है कि यह कदम महात्मा गांधी के अहिंसा के सिद्धांत का सम्मान करेगा। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को भेजे गए पत्र में, PETA इंडिया ने जानवरों की भलाई, जन स्वास्थ्य और पर्यावरण से संबंधित चिंताओं का उल्लेख किया है।
PETA इंडिया की वीगन और कॉर्पोरेट प्रोजेक्ट्स की सीनियर मैनेजर डॉ. किरण आहूजा ने कहा, “हम अपील करते हैं कि देश में मीट के विज्ञापनों को समाप्त करके गांधीजी की अहिंसा की विरासत का सम्मान किया जाए और दयालु, स्वस्थ और टिकाऊ मीट-फ्री खान-पान की परंपराओं को बढ़ावा दिया जाए, जिन्हें भारत ने लंबे समय से दुनिया के साथ साझा किया है।” संगठन ने कई यूरोपीय शहरों जैसे एम्स्टर्डम, हार्लेम, यूट्रेक्ट और निजमेजेन में मीट विज्ञापनों पर लगाए गए प्रतिबंधों का उल्लेख किया, जो पर्यावरणीय चिंताओं के कारण उठाए गए थे।
जानवरों के अधिकारों के लिए काम करने वाले इस संगठन ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स समिट में वैश्विक नेताओं की मेज़बानी की थी, जहां मीट-फ्री भोजन परोसा गया था। संगठन का कहना है कि मुर्गियों को होश में रहते हुए काटा जाता है, गाय-भैंसों को भरी गाड़ियों में ले जाया जाता है, और बकरियों, भेड़ों और सूअरों के साथ क्रूरता से व्यवहार किया जाता है।
PETA इंडिया ने एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस, खान-पान से जुड़ी बीमारियों और H5N1 बर्ड फ्लू के महामारी बनने के खतरे पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि बड़े पैमाने पर जानवरों की फार्मिंग और पोल्ट्री मार्केट संक्रामक बीमारियों के फैलने में योगदान कर सकते हैं। संस्था के अनुसार, भारत में अहिंसा पर आधारित मांस-मुक्त खान-पान की एक पुरानी परंपरा है और यहाँ दुनिया की सबसे बड़ी शाकाहारी आबादी निवास करती है। इसलिए, प्रस्तावित बैन में 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) से बिलबोर्ड, टेलीविज़न, ऑनलाइन और अन्य प्रकार के विज्ञापनों को भी शामिल किया जाना चाहिए।