अमरनाथ यात्रा 2023 की तारीखें घोषित, रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल से शुरू
अमरनाथ यात्रा की तारीखों की घोषणा
श्रीनगर। इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा की तिथियों का ऐलान कर दिया गया है। जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को जानकारी दी कि यात्रा 3 जुलाई से प्रारंभ होगी और 28 अगस्त तक चलेगी। यह यात्रा 57 दिनों तक चलेगी, जिसमें जम्मू के भगवती नगर बेस कैम्प से पहला जत्था रवाना होगा।
उप राज्यपाल ने बताया कि इस यात्रा में 13 से 70 वर्ष की आयु के लोग शामिल हो सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पवित्र अमरनाथ गुफा में पहली पूजा 19 जून को ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर की जाएगी। यात्रा के लिए अनंतनाग से पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबा नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल से 14 किलोमीटर लंबा बालटाल मार्ग खुला रहेगा।
मनोज सिन्हा ने आगे बताया कि देशभर में लगभग 556 निर्धारित बैंक शाखाओं के माध्यम से यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा, जबकि श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध होगी। रजिस्ट्रेशन के लिए सभी प्रमुख सरकारी और निजी बैंकों में फॉर्म उपलब्ध रहेंगे।