☰
×

छठ पूजा 2026: सूर्य को अर्घ्य देने की विशेष तैयारी

छठ पूजा 2026 का पर्व आज विशेष महत्व रखता है, जब श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। इस अवसर पर घरों में पूजा की तैयारी की जा रही है, जिसमें ठेकुआ, फल, नारियल और अन्य सामग्री शामिल हैं। जानें इस पर्व का महत्व और अर्घ्य देने का शुभ मुहूर्त।
 

छठ पूजा का महत्व


छठ पूजा 2026: जब सूरज की पहली किरण गांव के पोखर या नदी के शांत जल को छूती है, तब एक साधारण व्यक्ति कमर तक ठंडे पानी में खड़ा होकर सीधे प्रकृति से संवाद करता है। यही छठ महापर्व है—एक ऐसा पर्व, जहां इंसान और ईश्वर के बीच कोई बिचौलिया नहीं होता।


इस पर्व के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में लोग बिना किसी पुरोहित या मूर्ति के, नदियों और पोखरों के घाटों पर खड़े होकर उगते और अस्त होते सूर्य को गन्ना, कच्ची हल्दी और मौसमी फलों के साथ अर्पित करते हैं। यह प्रकृति के प्रति उनकी निश्छल कृतज्ञता का प्रतीक है।


चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में आज की शाम विशेष महत्व रखती है। व्रती और श्रद्धालु नदी, तालाब और जलाशयों के घाट पर जाकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके लिए सुबह से ही घरों में तैयारियां शुरू हो जाती हैं। पूजा के लिए ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना और अन्य सामग्री बांस के सूप और दउरे में रखी जाती है। शाम को व्रती परिवार के साथ छठ घाट पहुंचते हैं और वहां पानी में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं। इस दौरान सूर्य को जल और दूध चढ़ाया जाता है।


छठ पूजा के संध्या अर्घ्य के दिन सूर्य देव को अर्घ्य देने का सबसे शुभ समय सूर्यास्त का होता है। 15 नवंबर 2026 को पटना में सूर्यास्त शाम 5 बजकर 1 मिनट पर होगा, इसलिए इस समय डूबते सूर्य को अर्घ्य देना फलदायी होगा। बिहार के अन्य जिलों में सूर्यास्त का समय कुछ मिनटों का अंतर हो सकता है।


पूजा के दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीत गाए जाते हैं और व्रती तथा उनके परिवार के सदस्य मिलकर छठी मैया की आराधना करते हैं।


संध्या अर्घ्य के बाद व्रती घर लौटते हैं और अगले दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी करते हैं। इसके बाद ही छठ व्रत का पारण किया जाता है।


 


पूजा के लिए आवश्यक सामग्री में शामिल हैं:



  • बांस या पीतल का सूप

  • बांस की बड़ी टोकरियां और दउरा

  • पूजा की थाली, गिलास, कटोरी और चम्मच

  • तांबे का लोटा या घड़ा

  • दूध और साफ पानी

  • दीपक और घी

  • ठेकुआ, खाजा और अन्य मिठाइयां

  • नई साड़ी

  • गन्ना और गन्ने के पत्ते

  • शकरकंद और मूली

  • केला, अनानास और बड़ा नींबू

  • पान और सुपारी

  • अदरक और कच्ची हल्दी

  • पानी वाला नारियल

  • मौसमी फल और पूजा का प्रसाद